फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा किसान यात्रा का समापन : भाजपा के खिलाफ सपाइयों की हुंकार, नरेश उत्तम बोले- झूठ बोलती है सरकार

Sun, 31 Oct 2021 09:20 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज
विज्ञापन
Prayagraj News : किसान यात्रा के समापन के मौके पर बोलते सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम। - फोटो : प्रयागराज
विज्ञापन

लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर रविवार को केपी कॉलेज मैदान में बड़ी संख्या में जुटे सपाइयों ने भाजपा के खिलाफ हुंकार भरी। भाजपा पर आक्रामक रहे सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि सत्ताधारी दल की सरकार झूठ बोलती है। वादों से मुकरी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। किसान, नौजवान, पटेल यात्रा के समापन मौके पर उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता सपा की सरकार बनवाएगी। कार्यकर्ताओं को इसके लिए तैयार रहना होगा। 

विज्ञापन


सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने यात्रा समापन मौके पर कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। भाजपा ने देश के किसानों, नौजवनों, लघु उद्यमियों के साथ धोखा किया है। सत्ता में बने रहने के लिए हर मोर्चे पर जनता को छला जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के चुनाव के गए भाजपा के सभी वादे थोथे साबित हुए हैं। किसानों की आय दोगुनी करने, दो करोड़ नौजवानों को नौकरी देने, महंगाई कम करने जैसे बातें सिर्फ जुमलों में रहीं। जमीनी हकीकत कुछ और है। 

Prayagraj News : किसान यात्रा के समापन के अवसर पर बोलते सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम। - फोटो : प्रयागराज
बोले- दबाया जा रहा है किसान आंदोलन
सपाइयों के हुजूम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों के उत्पीड़न और आंदोलन दबाने की बात जोरदारी से रखी। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सपा के कार्यकाल में शुरू कराए गए कार्यों का फीता काटकर सिर्फ लोकार्पण कर रहे हैं। पेट्रोलियम पदार्थों, सामान्य वस्तुओं की महंगाई की बात करते हुए उन्होंने कहाकि लोग हर दिन बढ़ रहे सभी वस्तुओं के दामों से परेशान हैं।

जरूरी वस्तुओं के दाम पहाड़ चढ़ रहे हैं, जिस पर सरकार का नियंत्रण नहीं है। जनता भाजपा की गलत नीतियों से परेशान है। प्रदेश में कानून व्यवस्था इस कदर खराब है कि महिलाएं घर से निकलने में घबराती हैं। लोगों को सपा का शासनकाल और विकास कार्य याद कराने की जरूरत है।

अध्यक्षता जिलाध्यक्ष योगेश यादव तथा संचालन महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, जिला महासचिव संदीप पटेल ने किया। जनसभा में डॉ. मान सिंह यादव, वासुदेव यादव, उज्ज्वल रमण सिंह, पूजा पाल, विनोद दुबे, विजमा यादव, जोखू लाल यादव, पंधारी यादव, नागेंद्र पटेल, श्यामलाल पाल, विनय कुशवाहा, रविंद्र यादव, अनीता, मंजू, कृष्णमूर्ति यादव, बब्बन दुबे, दान बहादुर मधुर, मो, अस्करी, कमल सिंह यादव आदि रहे। इससे पूर्व सपाइयों ने जगह-जगह प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत भी किया।
विज्ञापन

Prayagraj News : किसान यात्रा के समापन के मौके पर बोलते सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम। - फोटो : प्रयागराज
सरकार बनाने के लिए दिलाया एकजुटता का संकल्प
सरदार पटेल की जयंती पर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव परिवर्तन लाने वाले होंगे। इस चुनाव को जीतने के लिए जनता के मन के अनुरूप कार्य कर उनके बीच रहना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि मतदाता पुनरीक्षण से मतगणना तक हर मोर्चे पर डटे रहेंगे तो प्रदेश में सपा की सरकार होगी, मुखिया अखिलेश अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। जिससे प्रदेश खुशहाल होगा। 

हर सड़क पर दिखा सपा का झंडा
प्रदेश अध्यक्ष की सभा में पहुंचने के लिए सपाइयों ने रविवार को जिले भर में दमखम दिखाया। पदाधिकारी गांवों और मोहल्लों से बाइक जुलूस लेकर केपी कॉलेज मैदान तक पहुंचे। करीब साढ़े दस बजे से चार बजे तक केपी कॉलेज की ओर जाने वाली सड़कों पर हर तरह सपा के झंडे लेकर जाते लोग दिखे। नारेबाजी भी की गई। मेडिकल चौराहे से सीएमपी क्र्रॉसिंग तक सड़क के दोनों तरफ तथा केपी कॉलेज सपाइयों की चारपहिया गाड़ियों से ठसाठस रहा। 

अपना दल के 35 सदस्य सपा में शामिल
शहर पश्चिमी से अपना दल के विधानसभा अध्यक्ष मान सिंह यादव सहित 35 सदस्यों ने रविवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के सामने जिला महासचिव संदीप पटेल ने सभी के नाम बुलाकर उनके पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें