अचानक कहां से आई फाइल
बातचीत की स्क्रिप्ट बरामद होने को लेकर कर्ई तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि खुले पड़े घर में अचानक यह फाइल कहां से आई। दरअसल हफ्ते भर पहले जब घर के दरवाजे खुले मिले थे, उसी रात पुलिस ने भी यहां दबिश दी थी। हालांकि पुलिस अफसरों ने दबिश की बात से इंकार किया था। अब सवाल यह है कि जब एक बार पुलिस यहां तलाशी ले चुकी है तो फिर अचानक यह फाइल कहां से आई।
एक हफ्ते से गायब हैं शाइस्ता के मायकेवाले
गौरतलब है कि शाइस्ता के मायकेवाले पिछले करीब एक हफ्ते से घर छाेड़कर गायब हैं। लोग तब हैरान रह गए थे, जब एक हफ्ते पहले सुबह घर के दरवाजे खुले मिले। आसपास के लोग भीतर पहुंचे तो यहां पूरा सामान बिखरा पड़ा मिला था। इसके बाद से उसके मायकेवालों का पता नहीं चला। इस घर में शाइस्ता के पिता और उसके दो भाइयों का परिवार रहता था।
पुरानी तस्वीरें भी बरामद
शाइस्ता के मायके से उसकी व अतीक की कई पुरानी तस्वीरें भी बरामद हुई हैं। इनमें से कुछ उसके परिवार की तस्वीरें हैं, जबकि कुछ तस्वीरें अतीक अहमद की हैं। इन्हीं में वे तस्वीरें भी शामिल हैं जो अतीक के चुनाव लड़ने के वक्त की हैं। इसमें अतीक कई बड़े राजनीतिक लोगों संग दिखाई पड़ रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से कुछ तस्वीरें ऐसी हैं, जिनमें अतीक सलाखाें के पीछे दिखाई दे रहा है। सवाल यह है कि तो क्या जेल के भीतर तस्वीरें खींची गईं।