प्रयागराज में वायरल का वार बढ़ता ही जा रहा है। बुखार का कहर बरकरार है। डेंगू का प्रकोप भी बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को जिले में डेंगू के सात नए मरीज चिह्ित किए गए। अब तक डेंगू संक्रमितों की संख्या 82 हो गई है। दस मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। 13 सक्रिय मरीज हैं। मलेरिया विभाग ने कई मोहल्लों के दो सौ से अधिक घरों में पैराथ्रम स्प्रे कराया। लार्वा जांच और एंटी लार्वा छिड़काव भी किया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आनंद सिंह के मुताबिक जिले में अब तक चिह्नित 82 डेंगू के मरीजों में नगरीय क्षेत्र के 55 और ग्रामीण क्षेत्र के 27 मरीज हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दस डेंगू संक्रमितों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
डॉ. सिंह के मुताबिक बुखार पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है। पीड़ितों को डेंगू और मलेरिया जांच कराने की सलाह दी जा रही है। पांच दिन से अधिक बुखार आया और ठंड लगे तो वायरल से इतर अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। शुक्रवार को सर्वाधिक तीन डेंगू संक्रमित सोरांव इलाके में पाए गए। मेजा, हंडिया, लूकरगंज, तेलियरगंज के रहने वाले एक-एक व्यक्ति में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है।
सरकारी में चार, निजी अस्पतालों में छह संक्रमित भर्ती
वायरल के साथ डेंगू का कहर अस्पतालों में संक्रमितों की संख्या को बढ़ा रहा है। शुक्रवार को सीजन के सर्वाधिक दस डेंगू संक्रमितों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। सरकारी अस्पताल एसआरएन में दो, बेली में दो तथा निजी अस्पताल नाजरेथ में दो तथा मोहक अस्पताल में चार डेंगू संक्रमितों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
एसआरएन, बेली की ओपीडी पहुंचे आठ सौ से अधिक बुखार पीड़ित
एसआरएन और बेली अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को मौसम जनित बीमारियों से पीड़ित लोगों की संख्या अधिक रही। मेडिसिन विभाग की ओपीडी में मरीजों को देख रहीं डॉ. अनुभा श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल पीड़ितों के साथ बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी की दिक्कत वाले मरीज आ रहे हैं। दोनों अस्पतालों में पहुंचे दो हजार से अधिक मरीजों में करीब आठ सौ ऐसे मरीज रहे जिन्हें बुखार के साथ अन्य परेशानी है। चिकित्सकों के मुताबिक मौसम के प्रभाव से ऐसा हो रहा है। वातावरण में नमी की अधिकता और खानपान में लापरवाही से वायरल जकड़ रहा है।