फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करमा में भड़की हिंसा, आगजनी और पथराव

Sat, 13 Jan 2018 01:51 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
यमुनापार के घूरपुर इलाके का करमा बाजार शुक्रवार को दो गुटों के टकराव से दहल उठा। पुआल चोरी को लेकर झगड़े में एक गुट के युवक को सुबह चाकू से गोदने के बाद हिंसा भड़क उठी। हमलावर पक्ष के लोगों ने घटना के बाद जुटी भीड़ को खदेड़ा और दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद घायल युवक के परिजनों और बाजार के लोगों ने चक्काजाम कर दिया। एक दुकान में आग लगाकर ईंट-पत्थर चलाए गए तो पुलिस ने हवाई फायरिंग की। पथराव में एसडीएम करछना राजा गणपति समेत कई पुलिस-पीएसी कर्मी जख्मी हुए। मौके पर आरएएफ तैनात कर दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्ष से आठ लोगों को पकड़ा है।
विज्ञापन


करमा बाजार में पटेल चौराहे पर चाय-पान की दुकान चलाने वाले सुभाष पटेल के खेत से कई रोज से पुआल चोरी हो रहे थे। बताते हैं कि बृहस्पतिवार शाम सुभाष के बेटे धर्मेंद्र का सगे भाइयों नदीम और वसीम से इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। उनके बीच झड़प के दौरान दोनों तरफ के लोग जुट गए। तब करमा चौकी की पुलिस ने झगड़ा शांत करा दिया था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे एक महिला चौराहे पर मुन्ना पटेल की दुकान पर रात में हुए झगड़े के बारे में पूछने गई तो वहां फिर कहासुनी हो गई। धर्मेंद्र और नदीम तथा वसीम दोबारा भिड़ गए। तभी विरोधी गुट के दो युवकों ने धर्मेंद्र को पकड़ा और नसीम ने चाकू निकालकर उसके पेट में तीन वार कर दिए। धर्मेंद्र खून से लथपथ होकर गिरा तो हमलावर वहां से भाग गए। घायल धर्मेंद्र को उठाकर स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया।

इसी बीच धर्मेंद्र पर विरोधी गुट द्वारा जानलेवा हमले की खबर पाकर सौ से ज्यादा लोग जुटे तो दूसरे पक्ष से लगभग 15 व्यक्ति रम्भा, भाला, फरसा लेकर आ गए। धारदार हथियार से लैस लोगों ने भीड़ और वहां मौजूद पुलिसवालों को खदेड़ लिया। एक दर्जन से ज्यादा दुकानों को तोड़ा और लूटपाट कर डाली। पुलिस फोर्स लेकर एसडीएम और सीओ आए तो हमलावर भाग चुके थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने पटेल चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। एक गुमटी में आग लगाकर पुलिस बल पर पथराव कर दिया। ईंट-पत्थर चलने पर भगदड़ मच गई। पथराव में एसडीएम करछना राजा गणपति, उनके अर्दली, पुलिस-पीएसी के पांच सिपाही घायल हो गए।
विज्ञापन


बचाव में पुलिस ने फायरिंग की तो भीड़ तितर-बितर हो गई। इसके बाद मौके पर एसएसपी आकाश कुलहरि पहुंचे और इलाके में आरएएफ के साथ फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने बवाल में दोनों तरफ से आठ लोगों को पकड़ा है। चाकू हमले में दो सगे भाइयों नदीम-वसीम समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें