करेली के जीटीबी नगर में तीन नहीं, बल्कि चार कत्ल हुए थे। सौरभ उर्फ उस्मान ने अपनी बीवी, ससुर और सौतेली बेटी ही नहीं, बल्कि अपने अजन्मे बच्चे का भी खून कर दिया। दरअसल सलमा तीन माह की गर्भवती थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर यह बात सामने आई।
मंगलवार को सुबह 10.30 बजे युनुस, उसकी बेटी सलमा और नवासी आयना के शव का पोस्टमार्टम शुरू हुआ। दो डॉक्टरों के पैनल ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी हुई। दो घंटे तक चले पोस्टमार्टम के दौरान कई चौंकाने वाली बात भी सामने आई। पता चला कि घटना में सलमा का ही नहीं, बल्कि उसके अजन्मे बच्चे का भी कत्ल हुआ। सलमा तीन महीने की गर्भवती थी। इस बात की पुष्टि सलमा के परिजन भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उस्मान चाहता था कि उसका अपना एक बच्चा हो। इसके बाद ही सलमा ने बच्चे को जन्म देने का फैसला किया था। घरवालों के मुताबिक, गुस्से की आग में वहशी बने उस्मान ने अपने खून को भी नहीं बख्शा।
सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को सलमा और यूनुस के शरीर पर दर्जनों जख्म के निशान मिले। यूनुस के हाथ व सीने और सलमा के हाथ, सीने और पैर पर दर्जनों वार किए गए थे। उनके गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। उधर पांच साल की आयना के केवल गले पर चोट का निशान मिला।