खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के रोशनबाग स्थित मिर्जा गालिब रोड पर अतिक्रमण हटाए जाने से भड़के पार्षद निजामउद्दीन ने अतिक्रमण निरीक्षक पीयूष मोहिले समेत अफसरों को बम मारने की धमकी दी है। सोमवार शाम को नगर निगम परिसर में पार्षद ने मोहिले को रोका। इस दौरान हुई जमकर गाली-गलौज की जानकारी मोहिले ने नगर आयुक्त एवं अतिक्रमण प्रभारी को दी। उनके निर्देश पर मंगलवार को सिविल लाइंस थाने में पार्षद निजामउद्दीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जोनल अफसर मुन्ना लाल एवं अतिक्रमण निरीक्षक मोहिले के नेतृत्व में मिर्जा गालिब रोड पर 12 अप्रैल को अतिक्रमण हटाया गया था। अभियान में खुल्दाबाद थाने की पुलिस एवं पीएसी भी शामिल थी। अपने क्षेत्र में रोड पटरी को अतिक्रमण मुक्त कराना पार्षद निजामउद्दीन को नागवार गुजरा। मोहिले के मुताबिक सोमवार शाम करीब चार बजे पार्षद निजामउद्दीन ने उन्हें निगम परिसर स्थित विद्युत विभाग के सामने रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि भविष्य में उक्त क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया तो तुमको और जो भी अधिकारी मौके पर जाएगा, उसे बम से उड़ा दिया जाएगा। मोहिले के मुताबिक उन्होंने इसका विरोध किया तो पार्षद के साथ आए पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया और हाथ से विभागीय पत्रावली छीनकर फाड़ दी।
सरकारी कार्य के दौरान हुई इस घटना की जानकारी मोहिले ने तत्काल अतिक्रमण प्रभारी एसएल यादव को दी। नगर आयुक्त को भी घटना से अवगत कराया। इसके बाद मंगलवार को मोहिले की तहरीर पर अतिक्रमण प्रभारी ने पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। उधर, इस घटना से डरे मोहिले ने अतिक्रमण निरीक्षक को पत्र लिखकर अतिक्रमण विभाग से हटाकर किसी अन्य विभाग में स्थानांतरण का अनुरोध किया है।