इलाहाबाद। बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार को तीन घंटे के अंदर जिले में तीन लूट की वारदात को अंजाम देकर लोगों को दहला दिया। कीडगंज, हंडिया और झूंसी क्षेत्र में हुई लूट की वारदातों से पुलिस में खलबली मच गई। कीडगंज में सीमेंट कारोबारी के मुंशी से तीन लाख की लूट के बाद मौके पर एसएसपी भी पहुंचे। वहीं झूंसी में एक महिला का पर्स छीन लिया तो बरौत में एक महिला से 50 हजार रुपये लूट लिए।
बाइक सवार तीन बदमाशों ने सीमेंट कारोबारी के मुंशी को तमंचे की बट से लहूलुहान कर तीन लाख रुपये से लूट लिए और फरार हो गए। शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे लूट की घटना से यमुना बैंक रोड इलाके में खलबली मच गई। कीडगंज पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी केएस इमैनुएल भी क्राइम ब्रांच के साथ पहुंचे। पुलिस ने घेरेबंदी क ी, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश में जुटी है।
मालवीय रोड जार्जटाउन के राम विशाल सिंह सीमेंट-सरिया के थोक कारोबारी हैं। सहसों के धरहरा गांव का फूलचंद्र दस वर्षें से राम विशाल की फर्म में मुंशी है। दोपहर में फूलचंद्र कुशवाहा बाइक से तीन लाख रुपये लेकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुट्ठीगंज शाखा में जमा करने जा रहा था। रास्ते में यमुना बैंक रोड बोट क्लब के पास काली पल्सर से तीन नकाबपोश बदमाश पीछे से आए। बदमाशों ने बाइक ओवरटेक कर फूलचंद्र को रोक लिया। फूलचंद्र की कनपटी पर तमंचा सटाकर रुपयों से भरा बैग छीनने लगे।
फूलचंद्र के विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया और बैग छीनकर पुराने यमुना पुल की ओर भाग निकले। दिनदहाड़े लूट की घटना से सनसनी फैल गई। फूलचंद्र के मुताबिक दो बदमाश चेहरा ढके हुए थे जबकि एक का चेहरा खुला था। बदमाश काले रंग की पल्सर से थे। फूलचंद्र ने लुटेरों की बाइक का नंबर नोट कर लिया है, लेकिन नंबर में एक अंक गायब था। क्राइम ब्रांच और कीडगंज पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी है। आशंका है कि लुटेरे फूलचंद्र के पीछे ऑफिस से ही लग गए थे। पुलिस बैरहना पुलिस चौकी और यमुना बैंक रोड पर जिन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उनको खंगाल रही है। वहीं पुलिस को शक है कि लूट की घटना में राम विशाल के किसी कर्मचारी ने मुखबिरी की है।
एसएसपी ने शुक्रवार शाम को मुंशी से पूछताछ के आधार पर एक लुटेरे का स्केच जारी कर दिया है। पुलिस को जांच में पता चला है कि बदमाश मालवीय रोड स्थित सीमेंट एजेंसी से ही मुंशी के पीछे लगे थे। रास्ते में दो जगह लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक बदमाश का चेहरा और दो बदमाशों का हुलिया नजर आया। बदमाश मुंशी से कुछ कदम की दूरी बनाकर पीछे लगे थे। लुटेरे मोबाइल पर किसी से बात भी करते दिखे हैं। इससे आशंका है कि लूट में एजेंसी का कोई कर्मचारी मिला है। जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा।
बाइक से ससुराल जा रहे लिपिक की पत्नी का पर्स छीनकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। दोपहर पौने एक बजे झूंसी पुल के पास पंत संस्थान के सामने लूट की घटना से खलबली मच गई। लिपिक की पत्नी ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। उधर से गुजर रहे लोगों ने काफी दूर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं पाए। सूचना पर झूंसी पुलिस भी पहुंची। कैंट में अशोक नगर स्थित पत्रकार कॉलोनी के कामेश दत्त मिश्र दारागंज स्थित एक जूनियर हाईस्कूल में लिपिक हैं। वह दोपहर पत्नी अनामिका और ढाई साल की बेटी को लेकर ससुराल झूंसी उस्तापुर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने एसबीआई की दारागंज शाखा से छह हजार रुपये निकाले।
रुपये उनकी पत्नी ने अपने पर्स में रख लिए। शास्त्री पुल पार करने के बाद जैसे ही वे पंत संस्थान के सामने पहुंचेकि पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने अनामिका के कंधे पर लटक रहे बैग पर झपट्टा मारा। बदमाश ने दोबारा जब झपट्टा मारा तब बैग का बंधन टूट गया। बैग बदमाश लेकर भाग गए। इस घटना से कामेश की बाइक अनियंत्रित हो गई। दंपति गिरते-गिरते बचे। अचानक हुई लूट की घटना से दंपति सहम गए। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश में है। अनामिका ने बताया कि बैग में 15 हजार रुपये नगद, मोबाइल और एटीएम कार्ड था।
हंडिया के वार्ड नंबर-13 में असवां रोड पर दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश तमंचा सटाकर महिला से 49 हजार रुपये लूट ले गए। महिला का शोर सुनकर गांव के लोग जुट गए। हंडिया के वार्ड नंबर तीन के वाजिद अली उर्फ कल्लू घर पर रहते हैं। उनका एक बेटा सऊदी अरब में नौकरी करता है और दूसरा मुंबई में। वाजिद की पत्नी बदरुन्निशां छोटे बैट शेख के साथ हंडिया एसबीआई शाखा से रुपये निकालने गईं थी। बैंक से 49 हजार रुपये निकाल कर मां-बेटा बाइक से रहे थे। असवां गांव के सामने सड़क पर सन्नाटा देख एक सफेद अपाची बाइक पर दो बदमाश पीछे से आए। बदमाशों ने ओवरटेक कर शेख को रोक लिया और कनपटी पर तमंचा सटा दिया।
बेटे की जान खतरे में देख मां सहम गई। पीछे बैठे बदमाश ने बदरुन्निशां से 49 हजार लूट कर भाग निकले। सूचना पर हंडिया पुलिस पहुंची और पूछताछ के बाद रिपोर्ट लिखी गई। पुलिस जांच में जुटी तो तीन घंटे बाद सफलता भी मिल गई। हंडिया इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह देव ने घेरेबंदी कर हंडिया वासुपुर के कुद्दूस अंसारी और इसरार अंसारी को दबोच कर लूट का खुलासा कर दिया। उनकी निशान देही पर लूट की रकम और वारदात में प्रयुक्त बाइक, तमंचा बरामद कर लिया। आरोपी बीड़ी का कारोबार करते हैं।