सिविल लाइंस स्थित एल्चिको रेस्टोरेेंट के सामने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी डा. सूर्य प्रताप सिंह की इनोवा गाड़ी से उनका बैग और उसमें रखी रिवाल्वर सहित कई कीमती सामान चोरी हो गए। उन्हाेंने पुलिस को दी तहरीर में कहा हैै कि पिछले कई साल से वे सामाजिक मुद्दे उठे रहे हैं। इलाहाबाद में यूपीएससी के पूर्व चेयरमैन अनिल यादव के खिलाफ भी आंदोलन में शामिल हुए थे। इन आंदोलनों से कई बड़े लोगों के हित पर चोट पहुंची है। आशंका जताई है कि किसी ने अराजक तत्वों का इस्तेमाल इस चोरी में किया है।
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी डा. एसपी सिंह इलाहाबाद के प्रभारी प्रमुख सचिव भी रहे हैं। एक दर्जन जिलों में डीएम, कमिश्नर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर वे तैनात रहे हैं। वह आज अपने बेटे के साथ इलाहाबाद होते हुए बीएचयू में आयोजित एक संगोष्ठी में शामिल होने जा रहे थे। सिविल लाइंस में दोपहर करीब दो बजे एल्चिको रेस्टोरेंट में लंच के लिए रुके थे। गाड़ी पार्किंग में थी, वहीं पर ड्राइवर दिनेश जाटव भी था। करीब तीन बजे एक व्यक्ति ने गाड़ी में बैठे दिनेश से कहा कि पहिया पंक्चर हो गया है। इतना सुनते ही दिनेश ने बाहर की ओर झांका। आशंका है कि उसी समय दूसरी साइड में खड़े दूसरे साथी ने पीछे की सीट पर रखा बैग चोरी कर लिया।
थाना सिविल लाइंस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में एसपी सिंह ने कहा है कि वह लंच के बाद सवा तीन बजे बेटे के साथ गाड़ी पर आए। बैग और उसमें रखी रिवाल्वर के बारे में ड्राइवर से पूछा तो वह हक्का-बक्का रह गया। उसने पूरा घटनाक्रम बताया।
रिटायर्ड अफसर ने चोरी की जानकारी डीएम संजय कुमार को दी। उसी के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। सिविल लाइंस पुलिस ने आसपास के सीसी फुटेज लिए लेकिन देर रात तक फुटेज से बैग और रिवाल्वर चुराने वाले व्यक्ति का पता नहीं चल सका।
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की रिवाल्वर चोरी होने पर एल्चिको रेस्टोरेंट के आसपास के सीसी फुटेज खंगाले गए तो पता चला कि बड़े बड़े शो रूम के मालिकों ने बाहर सीसी टीवी नहीं लगाए हैं। शहर के वीवीआईपी इलाके में सीसीटीवी न होने को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है।