शास्त्री ब्रिज शुक्रवार रात बेकाबू ट्रक ने पीछे से टेंपो में टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो पलट गई। किनारे बैठा अधेड़ टेंपो नीचे दब गया। जब तक राहगीर टेंपो को सीधा करते अधेड़ की सांसे थम चुकी थी। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
सरायइनायत में चनुआ गांव का शंकर लाल यादव(50) दूध का कारोबार करता था। वह रोज गांव टेंपो से दूध लेकर रामबाग आता और शाम को घर लौटता था। शुक्रवार रात भी दूध सप्लाई के बाद टेंपो में बैठकर घर लौट रहा था। शास्त्री ब्रिज पर रात में बेकाबू ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दिया। टेंपो टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया।
किनारे की सीट पर बैठा शंकर लाल सड़क पर गिरा और टेंपो के पलटने पर नीचे दब गया। हादसे के बाद पुल पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने देखा कि टेंपो के नीचे कोई दबा है तो किसी तरह सीधा किया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। देररात पुलिस ने अनहोनी की खबर शंकरलाल के घरवालों को दी तो कोहराम मच गया। रोते कलपते घरवाले एसआरएन पहुंचे।