इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संगीत विभाग में शिक्षकों को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी विभाग की ही एक छात्रा के नाम पर दी गई। धमकी देने वाला खुद को छात्रा का ब्वॉय फ्रेंड बता रहा है। फोन और एसएमएस से संगीत विभाग के ज्यादातर शिक्षकों को यह धमकी मिली है। इसमें एक महिला शिक्षक भी शामिल हैं। प्रोफेसर साहित्य कुमार नाहर ने कुलपति और डीन से शिकायत के बाद कर्नलगंज थाना में एफआईआर भी दर्ज करा दी। जिन नंबरों से फोन और एसएमएस आए, उन्हें सर्विलांस पर लगाया गया है। धमकी की वजह साफ नहीं हो सकी।
संगीत विभाग के प्रोफेसर साहित्य कुमार नाहर का कहना है कि 29 जुलाई को एक शोध छात्रा के साक्षात्कार के बाद वह उसके परिवार वालों के साथ सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच पर गए थे। उस दौरान परीक्षक तथा कई अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे। विभाग की एक अन्य शोध छात्रा तथा शोध छात्र भी वहां मौजूद रहे। प्रोफेसर नाहर का कहना है कि छात्रा ने उन्हें देखा जरूर लेकिन उससे कोई बातचीत नहीं हुई। उसी दिन रात 8.17 बजे उन्हें फोन कर अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी।
फोन करने वाले ने खुद को उस शोध छात्रा का ब्वॉय फ्रेंड बताया जिसे उन्होंने रेस्टोरेंट में भोजन करते देखा था। उसी नंबर से रात में दो बार उन्हें धमकी भरे मैसेज भी आए। उन मैसेज में बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गोली मारने की धमकी दी गई। प्रोफेसर नाहर ने इस बारे में मुख्य कुलानुशासक को पत्र लिखकर कहा कि इन फोन और मैसेज से उनका पूरा परिवार असुरक्षित तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहा है। उन्होंने पत्र में परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है। फोन और मैसेज के जरिए ऐसी ही धमकी विभाग के प्रोफेसर पीके मलिक, डॉ. रेनू जौहरी, डॉ. विशाल जैन को भी मिले हैं। डॉ.मलिक ने बताया कि उन्होंने भी डीन से इसकी शिकायत की है। लिखित शिकायत पर कर्नलगंज थाने में शोध छात्रा का ब्वॉय फ्रेंड बताने वाले अज्ञात शख्स के खिलाफ फोन पर धमकी देने का केस लिखा गया।
चौंकाने वाली बात यह कि संगीत विभाग की उस शोध छात्रा ने धमकी भरे मैसेज मिलने की शिकायत की है जिसके नाम पर कथित ब्वॉय फ्रेंड ने शिक्षकों को फोन और एसएमएस से धमकाया है। छात्रा के अनुसार उसे धमकी मिली कि विश्वविद्यालय में पढ़ने नहीं दिया जाएगा। छात्रा का कहना है कि मैसेज में उसे देख लेने की भी धमकी दी गई है। व्हाट्स एप से मिले मैसेज में अपशब्द लिखे हैं। उसकी भाषा से लगता है कि मैसेज किसी लड़की ने लिखे है। छात्रा ने महिला सलाहकार बोर्ड की अध्यक्ष प्रोफेसर रंजना कक्कड़ से इसकी शिकायत की है।
छात्रा ने यह भी कहा कि उसके नाम पर शिक्षकों के पास पहुंचे फोन और मैसेज से उसका कोई ताल्लुक नहीं है। लिखित शिकायत में छात्रा ने दो अन्य मोबाइन नंबरों का भी जिक्र किया है। प्रोफेसर रंजना का कहना है कि पूरी प्रकरण से चीफ प्रॉक्टर से अवगत करा दिया गया है। छात्रा ने जो दो अन्य मोबाइल नंबर दिए हैं वे उसके भाई के दोस्त के हैं, जो लखीमपुर खीरी में रहते हैं। चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर आरके उपाध्याय का कहना है कि छात्रा की लिखित शिकायत कर्नलगंज थाने भेज दी गई है। हालांकि देर शाम तक एफआईआर नहीं लिखी गई थी।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय का संगीत विभाग पिछले एक साल से विवादों से घिरा है। शिक्षकों पर कई गंभीर आरोप लगे हैं तो उनके बीच आपसी खींचतान की बात भी सामने आई है। आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कुलपति ने हाई पॉवर जांच समिति भी गठित की है। विभाग में अतिरिक्त फीस लिए जानेके विरोध में छात्र-छात्राओं ने लंबा आंदोलन चलाया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों पर कोचिंग पढ़ाने तथा उसके लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। विभाग के शोध पाठ्यक्रम के प्रवेश में धांधली समेत कई अन्य आरोप लगे हैं। इसके अलावा शिक्षकों के बीच एक-दूसरे के खिलाफ राजनीति करने के मामले भी आए हैं। एक छात्रा ने तो एक शिक्षक पर यौन उत्पीड़न का भी आरोप लगाया था। हालांकि जांच में दोष सिद्ध नहीं हुआ। अन्य सभी आरोपों की जांच की जा रही है।