इलाहाबाद। हीरोइन बनाने का झांसा देकर असम से छात्रा का अपहरण करने के बाद दिल्ली में उसके साथ रेप भी किया गया था। फेसबुक पर खुद को फिल्म निर्माता बताकर छात्रा को अपने जाल में फंसाने वाले युवक ने उसके साथ दिल्ली में किराए के कमरे में तीन दिन ठहरने के दौरान दुराचार किया। उससे शादी करने की भी बात कही। छात्रा के बयान में यह खुलासा हुआ। उसने छात्रा के पैसे भी ऐंठ लिए थे। करेली पुलिस ने छात्रा का मेडिकल टेस्ट कराया है। युुवक और वीडियो अलबम डायरेक्टर के साथ ही गेस्टहाउस मैनेजर पुलिस गिरफ्त में है। असम से पुलिस टीम आकर इन सभी को अपने कब्जे में लेगी।
ग्यारहवीं की इस 17 वर्षीय छात्रा रचना तिवारी को करेली पुलिस ने सोमवार दोपहर रायल गेस्टहाउस से बरामद किया था। कुछ और लड़कियां भी मिली थीं, जिनके परिजनों ने बताया कि वह उनसे अनुमति लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर बन रहे वीडियो अलबम की शूटिंग की खातिर गई थीं। उन्हें घर भेज दिया गया। रचना तिवारी को प्रतापगढ़ कोतवाली में सगरा पूरे ओझा गांव के रत्नेश द्विवेदी ने फेसबुक पर दोस्ती के बाद यह यह कहकर अपने जाल में फंसा लिया कि वह उसे फिल्मों में हीरोइन तथा मॉडल बना सकता है।
रत्नेश ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल में भी खुद को फिल्म प्रोडक्शन हाउस का मालिक, निर्माता और निर्देशक बताया है। रचना उसके बहकावे में आकर घर से भागकर गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर उसे मिली। थानाध्यक्ष करेली सुनीलदत्त राय के मुताबिक, रचना ने बयान दिया है कि वह घर से दो हजार रुपये लेकर भागी थी। सात सौ रुपये में टैक्सी का किराया देकर वह सिलचर से गुवाहाटी पहुंची। वहां से रत्नेश उसे मिला। उसके बाकी 13 सौ रुपये रख लिए। मोबाइल छीन लिया और सिम तोड़ दिया। फिर उसे दिल्ली में अशोक नगर के एक किराए के कमरे में लाया। वहां उसके साथ तीन दिन तक यह कहकर रेप किया कि उसके साथ ब्याह कर लेगा।
मकान मालिक ने लड़की को रखने पर ऐतराज किया तो रत्नेश उसे यहां करेली के रॉयल गेस्टहाउस में ले आया, जहां वीडियो अलबम की यूनिट ठहरी थी। वहां उस पर ब्लू फिल्म की शूटिंग का दबाव डाला गया तब घबराकर रचना ने दूसरी लड़की के मोबाइल से अपने पिता को फोन किया। फिर पुलिस ने छापा मारकर रचना को बरामद कर रत्नेश, वीडियो अलबम डायरेक्टर राजेश पटेल और गेस्टहाउस मैनेजर कलीम को हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष करेली ने बताया कि महिला पुलिस ने रचना का मेडिकल टेस्ट कराया है। असम से पुलिस टीम आ रही है। आरोपियों को भी असम पुलिस कब्जे में लेगी।
असम के सिलचर में रहने वाले चाय बागान के मैनेजर की बेटी रचना फिल्मी दुनिया के ग्लैमर के चक्कर में बहक गई। वह टीवी और फिल्मों में हीरो-हीरोइन की रंगीली दुनिया में ऐसा खोई कि मुंबई जाकर खुद भी हीरोइन बनने का ख्वाब देखने लगी। इसी दौरान फेसबुक पर उसकी दोस्ती फिल्मों का सब्जबाग दिखाकर फरेब करने वाले रत्नेश से हो गई। उसने रचना को जाल में फंसाया और अपहरण कर रेप किया। पुलिस के मुताबिक, रचना की बातों से आभास हुआ कि वह हीरोइन बनने के लिए घर से भागी मगर रत्नेश ने उसे धोखा दिया, जिससे वह बेहद सदमे में है।
रत्नेश ने पुलिस को बताया कि उसने प्रतापगढ़ में जय-जय बेल्हा देवी, भिखारी-एक सीख और तेरे प्यार में दुनिया झुका देंगे जैसे वीडियो अलबम तैयार किए। भिखारी वाले वीडियो में वह खुद भिखारी की भूमिका में रहा। पुलि का कहना है कि इन वीडियो के लिए वह प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बिहार से लड़कियों को हीरोइन बनाने का झांसा देकर लाया। पहली बार उसकी पोल खुली और वह सलाखों के पीछे पहुंच गया। दो भाइयों में छोटे रत्नेश ने प्रतापगढ़ के प्रताप बहादुर डिग्री कॉलेज से एमए किया था। फिर खुद हीरो बनने का सपना पाले कई बार वह मुंबई भी गया।