कोतवाली के खरकौनी गांव निवासी आठवीं के छात्र अनिकेत सोनकर की हत्या कर लाश नए पुल के नीचे फेंक दी गई। वह बेथनी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ता था। सोमवार से लापता अंकित की लाश मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने जेल रोड तिराहे पर शव रखकर इलाहाबाद-मिर्जापुर हाईवे जाम कर दिया। अफसरों ने मान-मनौव्वल कर जाम खत्म करवाया। इस दौरान दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी चलती रही।
खरकौनी गांव निवासी फूल व्यवसायी अशोक कुमार सोनकर का छोटा बेटा अनिकेत (14) बेथनी कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह घर से क्रि केट खेलने के लिए निकला। देर शाम तक नहीं लौटने पर घरवालों ने खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। देर रात नैनी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मंगलवार शाम चार बजे अनिकेत की लाश नए यमुना पुल के नीचे मिली। खबर मिली तो रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। उनका आरोप था कि अनिकेत की हत्या की गई। उधर स्थानीय लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जेल रोड तिराहे पर शव रखकर इलाहाबाद-मिर्जाुपर हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर सीओ करछना रत्नेश सिंह, एसडीएम कुलदेव सिंह आ गए। अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह लोगों को शांत कराया और तब जाकर करीब सात बजे जाम खत्म हुआ। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल कुछ कह पाना संभव नहीं है। रात में ही पोस्टमार्टम कराए जाने का निर्णय लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
रत्नेश सिंह,सीओ करछना।