इलाहाबाद बैंक के पास दुर्घटना में मृत गार्ड सुभाष चंद्र यादव केपरिजन हंगामा करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
सिविल लाइंस में हाईकोर्ट के पास सोमवार सुबह बेकाबू कार होटल गेट पर सिक्योरिटी गार्ड को रौंदने के बाद पेड़ से जा भिड़ी। दुर्घटना में गार्ड सुभाष यादव तथा रिटायर्ड रेलवे अधिकारी उबैदुर रहमान की मौत हो गई। दोपहर में गार्ड की पत्नी ने बच्चों के साथ कौशाम्बी से आकर होटल में मुआवजा के लिए हंगामा किया। कई थानों की पुलिस पहुंची तो होटल प्रबंधन से एक लाख रुपये दिलाकर दुखी महिला को शांत किया गया।
सिविल लाइंस में बंद हो चुकी जीप फैक्ट्री के निकट रहने वाले रिटायर्ड रेलवे अधिकारी उबैदुर रहमान (63) की पत्नी शाहिदा इन दिनों बीमार हैं। एक निजी हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। वह रविवार रात हॉस्पिटल में रुकने के बाद सुबह करीब छह बजे कार से घर के लिए रवाना हुए थे। कार हाईकोर्ट से कुछ पहले रवीशा होटल के पास पहुंचकर बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार में कार ने होटल के गेट के सामने कुर्सी पर बैठकर चाय पी रहे सिक्योरिटी गार्ड सुभाष यादव को टक्कर मारी। वह नाले में जा गिरा। फिर कार पेड़ से भिड़ गई। खबर पाकर सिविल लाइंस थाने की पुलिस पहुंची। गार्ड सुभाष की मौत हो चुकी थी। वह कौशाम्बी में चरवा इलाके के लोकीपुर गांव का रहने वाला था। गंभीर घायल उबैदुर रहमान को पुलिस अस्पताल ले गई जहां उन्हें भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस अनहोनी की जानकारी पाकर उबैदुर के परिवार और रिश्ते के लोग अस्पताल पहुंच गए। उनकी दो बेटियां हैं। उधर, दुखद घटना के बारे में गार्ड की पत्नी नीता को पता चला तो वह बदहवास हो गई। वह बेटों अवनीश और अमरेश तथा रिश्तेदारों के साथ होटल पहुंची और दस लाख रुपये मुआवजा देने की मांग करते हुए चीखने लगी। होटल कर्मियों और नीता के रिश्तेदारों से झड़प होने लगी तो कई थानों की फोर्स पहुंची। पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो होटल की तरफ से नीता को एक लाख रुपये की सहायता दी गई।