जीटी रोड पर सैदाबाद इलाके में रविवार दोपहर शहर से भदोही जा रहे सिक्योरिटी गार्ड कुलदीप शुक्ला की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर दो लोगों को पकड़ लिया। खबर पाकर सिक्योरिटी गार्ड के परिवार के लोग आ गए। उन्होंने हंडिया थाने में केस दर्ज कराया।
भदोही में कोईरौना इलाके के मठहा शुक्लान गांव निवासी शिवकुमार शुक्ला का पुत्र कुलदीप (35) यहां शहर में एक टेलीकॉम कंपनी के दफ्तर पर सिक्योरिटी गार्ड तैनात था। रविवार को वह बाइक पर भदोही में घर जा रहा था। कुलदीप करीब तीन बजे सैदाबाद कस्बे में निबहरा माता मंदिर के सामने जीटी रोड से गुजर रहा था तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरा तो कार ने उसे रौंद दिया। आसपास के लोग भागकर उधर आए और घेरकर कार रोक ली।
खबर पाकर सैदाबाद चौकी की पुलिस पहुंची। पुलिस ने कार सवार दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया। उनमें एक अल्लापुर और दूसरा नैनी में चाका का रहने वाला है। दुर्घटना में कुलदीप की मौत हो गई। पुुलिस ने उसके पास मिले मोबाइल के जरिए घर में खबर दी तो परिवार के लोग भी थाने आ गए। कुलदीप दो भाइयों में बड़ा था। उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं। सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के जरिए किसी तरह वह पत्नी-बच्चों संग गुजारा कर रहा था।