थाना क्षेत्र के एडीए की त्रिवेणीपुरम कालोनी में शनिवार की रात शातिर चोरों ने पूर्व चिकित्सक के सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी समेत लाखों के आभूषण पार कर दिए। घटना की जानकारी रविवार की सुबह हुई तो खलबली मच गई। सूचना पर भुक्तभोगी और इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर काफी देर तक छानबीन की। बाद में अज्ञात चोरों के खिलाफ भुक्तभोगी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई थी। लगातार हो रही चोरी की वारदात से लोगों में भारी दहशत है। उधर, इलाकाई पुलिस शातिर चोरों के आगे पूरी तरह बेबस और लाचार नजर आ रही है।
मूलत: जौनपुर के मड़ियाहू के रहने वाले पूर्व चिकित्सक स्वर्गीय डॉ. लल्लतराम वर्मा ने झूंसी के एडीए की त्रिवेणीपुरम कालोनी के यमुना सेक्टर में मकान बना रखा था। चिकित्सक के देहांत के बाद उनका बेटा रोहित परिवार के साथ रहता है। रक्षाबंधन पर्व पर शनिवार को वह पत्नी और बच्चों को छोड़ने के लिए भदोही स्थित ससुराल गया था। वहीं से वह अपने गांव मड़ियाहू चला जाता। मकान पर ताला बंद किया गया था। इसी बीच शातिर चोर कल देर रात बंद मकान पर पहुंचे। चोर छत के रास्ते घर के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद पूरे मकान को इत्मिनान से खंगाला।
चोरों ने अटैची और लोहे के बक्से को तोड़कर सवा दो लाख रुपये नगद तथा तकरीबन ढाई लाख के सोने-चांदी के आभूषण बांधे व फरार हो गए। चोरों ने मुख्य दरवाजे को भी तोड़ दिया था। रविवार की सुबह पड़ोसियों की नजर मकान के टूटे दरवाजे पर पड़ी तो सन्न रह गए। मामले की जानकारी भुक्तभोगी को फोन पर दी गई तो वह घर पहुंचा। सूचना पर इलाकाई पुलिस भी मौके पर पहुंची और तफ्तीश की। देर शाम तक घटना की रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई थी। सप्ताह भर से चोरों ने इलाके में उधम मचा रखा है। नई झूंसी, आवास विकास कालोनी, हवेलिया, देवनगर आदि इलाकों में शातिर चोर सैकड़ों मकान में चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। इलाकाई पुलिस भी शातिर चोरों के आगे लाचार और बेबस नजर आ रही है। लगातार हो रही घटनाओं से लोग दहशत में हैं। लोगों ने रात्रिकालीन गश्त को बढ़ाए जाने की मांग की है।