इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में छात्रा से छेड़खानी करने और इसके बाद जबर्दस्ती दवा खिलाने के आरोप में एमए अंतिम वर्ष भूगोल के छात्र उद्देश्य प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया गया है। छात्रा की लिखित शिकायत पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. हर्ष कुमार ने यह कार्रवाई की है। साथ ही आरोपी छात्र से स्पष्टीकरण तलब किया है। चीफ प्रॉक्टर ने घटना की सूचना कर्नलगंज थाने को भेज दी है, ताकि पुलिस अपने स्तर से भी कार्रवाई शुरू कर सके।
छात्रों ने गोंडा निवासी एमए के छात्र उद्देश्य प्रताप सिंह के खिलाफ चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में परास्नातक की एक छात्रा ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि उद्देश्य से उनके साथ छेड़खानी की और इसके बाद उसे जबर्दस्ती दवा खिलाई, जिससे उसका स्वास्थ्य और दिमागी हालत बिगड़ गई। यह आरोप भी है कि आरोपी छात्र ने छात्रा के पास रखे 2700 रुपये ले लिए।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. हर्ष कुमार ने छात्र के इस कृत्य को अनुशासनहीनता एवं अपराध मानते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही आरोपी छात्रों को निर्देश दिए हैं कि 27 मई को अपराह्न दो से तीन बजे के मध्य कुलानुशासक कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित रूप से स्पष्टीकरण दे कि ऐसा क्यों किया और इस कृत्य के लिए क्यों न उसे विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाए?