prayagraj news : मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज स्थित वैक्सीनेशन सेंटर में टीका लगवाती युवती।
- फोटो : prayagraj
44 केंद्रों पर 15417 का टीकाकरण, आज लगेगी सिर्फ दूसरी डोज
कोरोना से बचाव के लिए शुक्रवार को जिले के 44 केंद्रों पर 15417 लोगों का टीकाकरण किया गया। वहीं शनिवार को इन्हीं केंद्रों पर सिर्फ दूसरी डोज लगाई जाएगी। नौ से 11 बजे तक स्लॉट बुक कराने वालों का टीकाकरण किया जाएगा। फिर शाम चार बजे तक ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन का काम होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक जिले में अब तक 1413756 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 1147002 लोगों ने पहली डोज ही लगवाई है। दूसरी डोज के लिए 66754 लोगों का नाम सूची में दर्ज है। इन्हीं लोगों में उन लोगों को शनिवार को दूसरी डोज लगाई जाएगी, जो पहली और दूसरी डोज के बीच का निश्चित अंतराल पूरा कर चुके हैं।
prayagraj news : मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज स्थित वैक्सीनेशन सेंटर में टीका लगवाती युवती।
- फोटो : prayagraj
डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक शुक्रवार को 44 केंद्रों पर 10800 लोगों ने कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। दूसरी डोज लगवाने के लिए 4617 लोग केंद्रों तक पहुंचे। वहीं मेडिकल कॉलेज केंद्र के नोडल चिकित्साधिकारी डॉ. उत्सव सिंह ने बताया कि महिला स्पेशल के तहत स्थापित पिंक बूथ पर 112 महिलाओं ने टीकाकरण कराया। 50 ऐसे लोगों को भी विशेष बूथ पर वैक्सीन की डोज लगाई गई जिन्होंने विदेश यात्रा की तैयारी की है। केंद्र पर कुल 1269 लोगों का टीकाकरण किया गया। वहीं कॉल्विन टीकाकरण केंद्र पर दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या अन्य केंद्रों से अधिक रही। डॉ. श्रेया सिंह के मुताबिक इस केंद्र पर कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
16 को 62 हजार लोगों को वैक्सीन डोज लगाने का लक्ष्य
जिले में 16 अगस्त को कोरोना टीकाकरण का दूसरा महाभियान चलाया जाएगा। सीएमओ डॉ. नानक सरन के मुताबिक सोमवार को जिले के करीब 300 केंद्रों पर 62 हजार लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि माइक्रोप्लान तैयार किया जा रहा है। केंद्रों की संख्या घट या बढ़ सकती है। कम से कम 62 हजार लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।