धनिया, लहसुन और प्याज पर महंगाई की मार पड़ी है। कई राज्यों में हो रही बारिश की वजह से सब्जियों की आवाजाही पर काफी असर पड़ा है। प्रयागराज की थोक मंडी में एक पखवाड़े से धनिया, लहसुन और प्याज की आवक कम हो गई है। फुटकर में धनिया की कीमत 400 से 500 तो प्याज 60 से 70 रुपये किलो हो गया है।
मुंडेरा मंडी में शुक्रवार को लहसुन का दाम थोक में 280 से 300 रुपये किलो रहा। प्याज का दाम भी थोक में 30 रुपये से ऊपर ही बना हुआ है। कारोबारियों का कहना है प्रयागराज और आसपास के जिलों में हो रही बारिश की वजह से हरी धनिया भी काफी कम आ रही है। रीवा, सतना और कटनी से आने वाली धनिया भी बमुश्किल ही पहुंच रही है। इस वजह से इसकी कीमत बढ़ गई है।
मुंडेरा फल व्यापार सब्जी महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा ने बताया कि कई राज्यों में हो रही बारिश से आपूर्ति नहीं होने से कीमत बढ़ गई है। हरी धनिया का दाम थोक में ही 350 रुपये प्रति किलो हो गया है, जबकि फुटकर में 400 रुपये किलो से कम नहीं मिल रही है।
लहसुन की कीमत भी 350 से 370 तक पहुंच गई है। मौजूदा समय फुटकर में प्याज 60-70 रुपये किलो तक बिक रहा है। सतीश ने कहा कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बड़े कारोबारियों ने काफी लहसुन डंप करके रखा है। अगर राज्य सरकारें कार्रवाई करें तो लहसुन के दाम कम हो सकते हैं।
व्यापार महासंघ के संयोजक धनंजय सिंह ने कहा कि थोक मंडी में हरी सब्जियों के दाम काफी घटे हैं। नेनुआ, भिंडी और लौकी का रेट पांच से आठ रुपये किलो है। कद्दू भी थोक मंडी में पांच रुपये किलो तक है। कुछ दिन में लोकल स्थानीय धनिया से दाम नीचे आने की उम्मीद है।
सब्जियों के दामों में उतार-चढ़ाव ( प्रति किलो में )
- हरी धनिया ---- 300-350 रुपये ---- 400-500 रुपये
- लहसुन ---- 250-300 रुपये ---- 350-370 रुपये
- प्याज ---- 40-50 रुपये ---- 50-70 रुपये