उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने तीन प्रमुख भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां तकनीकी कारणों से बढ़ा दी हैं। ऐसे में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) के फेर में जिन अभ्यर्थयों के आवेदन फंसे हुए थे, उन्हें बड़ी राहत मिली है।
आयोग ने सहायक नगर नियोजक परीक्षा-2023, स्टाफ नर्स (पुरुष/महिला) परीक्षा-2023 और स्टाफ नर्स आयुर्वेद (पुरुष/महिला) परीक्षा-2023 के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां बढ़ाई हैं। सहायक नगर नियोजक के 24 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू हुई थी। आवेदन करने और ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर थी, जिसे अब 21 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है।
वहीं, स्टाफ नर्स (पुरुष/महिला) के 2240 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 21 अगस्त से शुरू हुए थे। इनमें 171 पद स्टाफ नर्स (पुरुष) और 2069 पद स्टाफ नर्स (महिला) के हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने और ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 21 सितंबर तक थी, जिसे बढ़ाकर अब 29 सितंबर कर दिया गया है।
इसके अलावा स्टाफ नर्स आयुर्वेद (महिला/पुरुष) के 300 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने और ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि चार अक्तूबर से बढ़ाकर 11 अक्तूबर की गई है। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन चार सितंबर से शुरू हुए थे। 300 पदों में से स्टाफ नर्स आयुर्वेद (पुरुष) के 48 और स्टाफ नर्स आयुर्वेद (महिला) के 252 पद हैं।
दरअसल, आयोग ने एक अप्रैल 2023 से सभी प्रकार की भर्तियों के आवेदन में ओटीआर को अनिवार्य कर दिया है। बिना ओटीआर नंबर के आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। ओटीआर के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के 72 घंटे बाद ओटीआर नंबर प्राप्त होता है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने ओटीआर नहीं कराया है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि अभ्यर्थी आवेदन से वंचित न रहें, इसके लिए आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है। वहीं, आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार तकनीकी कारणों से अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां बढ़ाई गई हैं।