prayagraj news : राशन की दुकान का निरीक्षण करते कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह।
- फोटो : prayagraj
सूबे के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने रविवार को खुल्दाबाद, राजरूपपुर और सुलेमसराय स्थित सरकारी राशन वितरण की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानों में अंगूठा लगवाए जाने की प्रक्रिया के साथ ही वहां दिए जाने वाले राशन को अपने सामने ही तौलवाया। दुकान पर रखे राशन रजिस्टर को भी उन्होंने देखा। उचित दर विक्रेताओं को उन्होंने सचेत किया कि राशन वितरण में किसी भी तरह की घटतौली नहीं होनी चाहिए।
खुल्दाबाद में सुनील गुप्ता की उचित दर विक्रेता दुकान में आए हुए कार्डधारकों से सिद्धार्थनाथ ने बातचीत भी की। वहां लोगों से पूछा कि उन्हें पूरा राशन मिलता है की नहीं। यह भी कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि मेरे आने पर ही उन्हें पूरा राशन दिया जा रहा हो। इस दौरान कुछ महिलाओं ने यूनिट कटने की शिकायत की। इस पर सिद्धार्थ नाथ ने साथ चल रहे जिला पूर्ति अधिकारी और सप्लाई इंसपेक्टर को जांच करवाने का निर्देश दिया।
राजरूपपुर में साजिद अंसारी की दुकान पर जमा भीड़ देखकर सिद्धार्थ नाथ ने लोगों से कहा कि वह मास्क पहने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। उन्होंने अपने सामने तौल करवाकर एक लाभार्थी को राशन का किट भी सौंपा। इस मौके पर जिला आपूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार, सप्लाई इंस्पेक्टर अर्पिता उपाध्याय, पार्षद अमरजीत सिंह, महामंत्री रमेश पासी, गौरव गुप्ता, संजय कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।