पहली बार बायोमैट्रिक हाजिरी के साथ सोमवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की बीएएलएलबी प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 4439 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 87 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। परीक्षा के लिए इलाहाबाद समेत सात शहरों में केंद्र बनाए गए थे।
परीक्षा के लिए इलाहाबाद समेत लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, बरेली और दिल्ली में कुल 16 केंद्र बनाए गए थो। इनमें से आठ केंद्र इलाहाबाद में थे। इलाहाबाद के पांच केंद्रों में ऑफलाइन और तीन केंद्रों में ऑनलाइन मोड में परीक्षा कराई गई। वहीं, अन्य शहरों के केंद्रों में केवल ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन किया गया। ऑफलाइन परीक्षा में 86 फीसदी और ऑनलाइन परीक्षा में 88 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित हुए। औसतन 87 फीसदी उपस्थित रही। आवेदकों में 2870 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन और 1569 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन मोड में परीक्षा देने के लिए आवेदन किए थे। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. एचएस उपाध्याय ने बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पहली बार किसी प्रवेश परीक्षा में बायोमैट्रिक हाजिरी और बार कोड की व्यवस्था की गई है। यही बायोमैट्रिक हाजिरी और बार कोड प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की पहचान होगा। ऐसे में परीक्षा से लेकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका नहीं रह जाएगी।
एमबीए और एमबीएआरडी की प्रवेश परीक्षा आठ मई को इलाहाबाद समेत पांच शहरों में होगी। परीक्षा केवल ऑनलाइन मोड में होगी। एमबीए और एबीएआरडी में 46-46 सीटों के लिए कुल 1043 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इलाहाबाद के चार केंद्रों में 738 अभ्यर्थियों को शामिल होना है जबकि दिल्ली के केंद्र में 74, गोरखपुर में 32, लखनऊ में 79 और वाराणसी में 120 अभ्यर्थियों की प्रवेश परीक्षा होनी है।