इलाहाबाद (ब्यूरो)। रक्षा मंत्रालय के निर्देश पर सेना की रेड ईगल डिवीजन की ओर से पोलो ग्राउंड में आयोजित आर्मी मेले में सेना की ताकत से शहरी रूबरू हो रहे हैं। प्रदर्शनी में लगाए गए टी-72 एम 1 टैंक, बोफोर्स तोप, आर्मी रिकवरी वेहिकल यानी एआरवी, आटोमैटिक ग्रेनेड लांचर, एमएमजी, एलएमजी एवं अत्याधुनिक संचार प्रणाली वाले उपकरणों को लोगों ने देखा। शनिवार को मेले के उद्घाटन पर सैनिकों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, घुड़सवारी के हैरतअंगेज कारनामे भी प्रस्तुत किए गए।
मेले में आए युवाओं, बच्चों को सेनाधिकारियों एवं जवानों ने टैंक, तोप, एआरवी एवं अन्य रक्षा उपकरणों की युद्धक क्षमता के बारे में जानकारियां दीं। देश के युवाओं को सेना की ओर आकर्षित किया जा सके इसके लिए मेले में विशेष काउंटर लगाए गए हैं, जहां युवाओं को सेना की तमाम रक्षा इकाइयां एवं उनमें भर्ती होने के बारे में बताया जा रहा है।
आर्मी मेले में चिकित्सा शिविर भी लगाया गया है, जहां लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ कुछ लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान भी किया।
इससे पूर्व रेड ईगल डिवीजन के जीओसी-इन-सी मेजर जनरल पीसी थिमैया ने सैन्य अधिकारियों के साथ मेले का उद्घाटन किया। सेना कमांडर ने मेले में आए कुछ युवाओं से बात कर उन्हें सेना ज्वाइन करने के लिए प्रेरित भी किया। सेना के जनसंपर्क अधिकारी ग्रुप कैप्टन बीबी पांडेय ने बताया कि रक्षा मंत्रालय के निर्देश पर आर्मी मेले का आयोजन यूपी, बिहार, उत्तराखंड एवं मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों के 23 शहरों में किया जा रहा है। आर्मी मेले का उद्देश्य है कि देशवासी खासकर युवा पीढ़ी अपनी सेना को नजदीक से जानें।
आर्मी मेले में आए बच्चे प्रदर्शनी में लगाए गए टी-72 टैंक, तोप एवं एआरवी समेत अन्य अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों को देख गदगद नजर आए। परिजनों संग मेले देखने पहुंचे अमित, सौम्या, गुनगुन, कपिल, सत्यप्रकाश, हर्षित, जैसे बच्चोें ने बताया कि उन्होंने पहली बार टैंक एवं तोप देखी। ज्यादातर बच्चों ने बताया कि वे बड़े होकर सेना में जाना चाहेंगे, ताकि इन उपकरणों के साथ देश की रक्षा कर सके।