Prayagraj News : पथराव कर तोड़ी गई बस।
- फोटो : प्रयागराज
थरवई में थानापुर गांव के पास पुलिसकर्मियों से भरी बस में पथराव और तोड़फोड़ की गई। घटना तब हुई जब वह प्रयागराज में चुनाव कराकर रोडवेज की बस से संतकबीरनगर जा रहे थे। हमलावरों में शामिल दो युवक मौके से ही पकड़ लिए गए जबकि उनके चार साथी भाग निकले।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उनके साथियों की तलाश की जा रही है। जिस बस में तोड़फोड़ की गई उसमें महाराष्ट्र पुलिस के जवान सवार थे। यह सभी प्रयागराज में चुनाव ड्यूटी के लिए आए थे। चुनाव संपन्न होने के बाद सोमवार सुबह वह संत कबीर नगर जाने के लिए रवाना हुए जहां अगले चरण में चुनाव होना है।
अभी वह थरवई थाना क्षेत्र में थाना पुर गांव के सामने हाईवे पर पहुंचे थे कि तभी बाइकसवार एक युवक ने बस को ओवरटेक करना चाहा। लेकिन आगे एक अन्य वाहन होने के कारण बस का चालक पास नहीं दे सका। कुछ देर बाद बाइकसवार युवक आगे निकल गया। बस अभी एक किलोमीटर आगे पहुंची थी कि तभी आधा दर्जन की संख्या में खड़े युवकों ने बस को रोक लिया।
बस में बैठे पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते इससे पहले ही युवकों ने पथराव शुरू कर दिया जिसमें शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना से बस में सवार पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह बाहर निकल कर उन्होंने हमलावरों को खदेड़ा तो वह भागने लगे। दौरान महेंद्र यादव और सुनील विश्वकर्मा पकड़ लिए गए जो थरवई थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
सूचना पर पुलिस भी आ गई और दोनों को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के एसआई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।