कोविड-19 के कारण प्रभावित हुआ पीएचडी का सत्र अब तक पटरी पर नहीं आ सका है। इविवि ने कुछ दिनों पहले ही शैक्षिक सत्र 2022 की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया पूरी की है, जबकि अब तक सत्र 2023 की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए थी।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में सत्र 2023 की संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) इसी वर्ष पूरी करा ली जाएगी। सत्र का पटरी पर लाने के लिए प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से जल्द ही परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
कोविड-19 के कारण प्रभावित हुआ पीएचडी का सत्र अब तक पटरी पर नहीं आ सका है। इविवि ने कुछ दिनों पहले ही शैक्षिक सत्र 2022 की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया पूरी की है, जबकि अब तक सत्र 2023 की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए थी। हालांकि, इविवि प्रशासन ने सत्र को पटरी पर लाने की कवायद शुरू कर दी है। क्रेट-2023 के लिए एजेंसी का चयन भी किया जा चुका है।
एजेंसी से कहा गया है कि ऑनलाइन आवेदन, परीक्षा तिथि और परीक्षा शुल्क के बारे में जल्द ही निर्णय लेकर प्रवेश प्रकोष्ठ का अवगत करा दिया जाए। एजेंसी से यह भी कहा गया है कि क्रेट-2023 का आयोजन इसी वर्ष दिसंबर तक पूरा करा लेना है। एजेंसी को यह बात ध्यान में रखकर ही आवेदन एवं परीक्षा तिथि निर्धारित करने के लिए कहा गया है।इस बार इविवि में पीएचडी के विषय और सीटें भी बढ़ने जा रहीं हैं।
विज्ञापन
सत्र 2023 से यूरोपीय भाषाओं फ्रेंच, रशियन एवं जर्मन के साथ प्रायोगिक खनिज विज्ञान एवं पेट्रोलॉजी और गांधी विचार एवं शांति अध्ययन संस्थान में भी पीएचडी की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। नए विषय शामिल होने के बाद विषयों की संख्या 50 से अधिक हो जाएगी और पीएचडी की सीटों की कुल संख्या भी एक हजार के ऊपर पहुंच जाएगी।
क्रेट-2023 के लिए आवेदन की प्रक्रिया नवंबर में शुरू किए जाने की तैयारी है। वहीं, परीक्षा दिसंबर के मध्य तक आयोजित की जा सकती है। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति ने बताया कि क्रेट-2023 का आयोजन दिसंबर तक करा लिया जाएगा, ताकि सत्र को पटरी पर लाया जा सके। जल्द ही आवेदन और परीक्षा की प्रस्तावित तिथि घोषित की जाएगी।