इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में ऑफलाइन परीक्षाओं के विरोध में छात्रों ने सोमवार को ताली-थाली बजाते हुए परिसर में मार्च निकाला और यूजीसी को पत्र लिखकर ऑनलाइन परीक्षाएं कराए जाने की मांग की। कुछ छात्र कर्नलगंज थाने भी पहुंचे और सांकेतिक रूप से अपना विरोध दर्ज कराते हुए कुलपति की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए प्रार्थनापत्र दिया। इस मुद्दे पर को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के सामने छात्रों का धरना जारी है।
छात्रों का कहना है कि परीक्षाओं के मुद्दे पर लगातार आंदोलन चल रहा है, लेकिन कुलपति ने अब तक सीधे तौर पर छात्रों से कोई वार्ता नहीं की। छात्र इस इस बात से भी नाराज है कि कुलपति की ओर से गठित कमेटी के सदस्यों ने छात्र प्रतिनिधियों से वार्ता तो की, लेकिन इसके बाद भी इविवि प्रशासन परीक्षाओं पर अपना रुख स्पष्ट करने को तैयार नहीं है।
छात्र मांग कर रहे हैं कि जब कमेटी ने अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंप दी है तो विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र हित में तत्काल निर्णय ले। विश्वविद्यालय एक मार्च तक बंद है। दो मार्च से विश्वविद्यालय खुलने पर इस मसले पर हंगामा बढ़ने के आसार हैं।
छात्रों ने सोमवार को ताली-थाली बजाकर ऑफलाइन परीक्षाओं का विरोध किया और यूजीसी को पत्र भेजकर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। छात्रों ने यूजीसी को लिखे पत्र में कहा है कि पिछले दो सत्र से सभी कक्षाएं ऑनलाइन मोड में संचालित की गईं। ऐसे में परीक्षाएं भी ऑनलाइन मोड में होनी चाहिए।
बीएचयू एवं दिल्ली विश्वविद्यालय में ऑनलाइन मोड में ही परीक्षाएं कराई गईं हैं। छात्रों ने मांग की कि यूजीसी ऑनलाइन परीक्षाओं के लिए निर्देश जारी करे। इस मौके पर सत्यम कुशवाहा, अभिषेक द्विवेदी, आदर्श भदौरिया, अमन शुक्ला, जयराज सिंह, आकाश यादव, अर्पित शुक्ला, हर्षित द्विवेदी, विकास नायम, अजीत शुक्ला, अजय आदि मौजूद रहे।