इविवि में दो सत्रों के छात्र-छात्राओं को मिलेगी स्कॉलरशिप
0 25 मार्च तक इविवि के डीएसडब्ल्यू कार्यालय में जमा होंगे फॉर्म
0 मेरिट कम मींस और बुक स्कॉलरशिप के लिए मांगे गए हैं आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में शैक्षिक सत्र 2019-20 एवं 2020-21 के तहत प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण मेधावियों को मेरिट कम मींस स्कॉलरशिप और बुक स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसके लिए छात्र-छात्राओं से 25 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं।
डीन विद्यार्थी कल्यर्ण (डीएसडब्लयू) प्रो. केपी सिंह के अनुसार इविवि में अध्ययन स्नातक, परास्नातक, एलएलबी एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में उन मेधावियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिन्होंने सत्र 2019-20 और 2020-21 में 60 फीसदी या इससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। छात्र-छात्राओं को इविवि की वेबसाइट ‘www.allduniv.ac.in’ से निर्धारित प्राप्त डाउनलोड करना है और उसे पूर्ण रूप से भरकर डीएसडब्ल्यू कार्यालय में 25 मार्च तक जमा करना है।
पिछले साल कोरोना के चलते छात्रवृत्ति नहीं दी गई थी। इस लिहाज से दो सत्रों के छात्रों से आवेदन मांगे गए हैं। छात्रवृत्ति के लिए चयनित छात्र या छात्रा को पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। स्कालरशिप उन अभ्यर्थियों को दी जाएगी, जो सरकार की कोई किसी भी छात्रवृत्ति के लाभार्थी न हों। इविवि में अध्ययनरत निर्धन छात्र-छात्राओं की शिक्षा में आर्थिक तंगी बाधा न बने, इसके लिए बुक स्कालरशिप दी जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों को फीस रसीद एवं प्रवेश संबंधी अन्य अभिलेखों के साथ आवेदन करने होंगे। किताब के लिए दो लाख रुपये का बजट है।