बोला, जमीन वापस नहीं दे रहा था
पुलिस हिरासत में पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसके बुजुर्गों ने इंद्रजीत के घरवालों को जमीन दान में दी थी। इसमें से ही कुछ जमीन वह मांग रहा था,जिसे देने से इंद्रजीत लगातार इन्कार कर रहा था। इसी को लेकर उसने यह वारदात की। सर्वेश का पिता रामसुमेर व दो भाई सब्जी बेचते हैं। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है और फाफामऊ स्थित एटीएम में गार्ड है। घटना के बाद वह गांववालों को भी धमकाता रहा।
मां की तहरीर पर पांच नामजद
उधर मृतक की मां ने सर्वेश समेत पांच को नामजद कराया है। इसमें प्रधानपति का भी नाम शामिल है। तहरीर में आरोप लगाया है कि बेटा इंद्रजीत ट्रैक्टर बुलाने जा रहा था। तभी गांव के ही सर्वेश कुमार ने अभय प्रताप उर्फ विनोद, वीरेंद्र कुमार उर्फ मुल्ला, प्रधानपति राजकुमार व सुनील कुमार की साजिश व सहयोग से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। यही नहीं,वह कुछ अन्य लोगों संग मौके की ओर दौड़ीं तो असलहा तानकर दौड़ा लिया और जान से मारने की धमकी दी।
दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता के आरोपों के बाबत जांच कराई जा रही है। - अभिषेक भारती, डीसीपी गंगानगर
धमकी दी थी, वकील नहीं बनने दूंगा
मृतक के परिजनों ने बताया कि जून में ही इंद्रजीत ने एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा दी थी। अभी रिजल्ट नहीं आया था और वह एक अधिवक्ता के साथ रहकर काम सीख रहा था। आरोप यह भी है कि सर्वेश अक्सर उसे धमकाया करता था कि वह उसे वकील नहीं बनने देगा।
बुझ गया घर का चिराग
इंद्रजीत तीन बहनों में से इकलौता भाई था। बड़ी बहन विनीता की शादी इसी साल 10 मई को हुई थी, जबकि अभी दो बहनों की शादी होनी है। उसकी हत्या की खबर पर मां सविता देवी व बहनें फूट-फूटकर रोने लगीं। मां की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल भी ले जाना पड़ा। पिता देवतादीन दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। सूचना पर वह भी घर आने के लिए चल दिए थे।
तीन लोगों की हत्या करने की तैयारी में था आरोपी
मृतक की चाची कमलेश कुमारी ने बताया कि सर्वेश तीन लाेगों की हत्या करने की फिराक में था। उसने बताया कि हत्या के बाद आरोपी अपने घर भी गया था। वहां इंद्रजीत की हत्या करने की जानकारी उसने दी तो उसकी मां ने उसको डंडा लेकर खदेड़ लिया। तब दोनों हाथ से असलहे लहराते हुए उसने कहा कि दो और लोगों को वह खोज रहा है। मिलने पर उनकी भी हत्या कर देगा।
सर्वेश कुमार उर्फ संजय ने करीब ढाई घंटे तक दोनों हाथ में तमंचा को लहराता
घटना की सूचना पर पुलिस उपायुक्त अभिषेक भारती कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हत्यारोपी सर्वेश को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू की आरोपी ने पुलिस को चेतावनी दी कि अगर उसको पकड़ने का प्रयास किया गया तो वह खुद को गोली मार लेगा। उसने तमंचे की नली को अपनी कनपटी पर सटा रखी थी। दूसरे हाथ से भी तमंचा लहरा रहा था। यह देख पुलिस फोर्स की सांस अटकी रही। पुलिस ने किसी तरह से हत्यारोपी को सुरक्षित गिरफ्तार किया। इसको लेकर पुलिस को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। ग्रामीणों और पुलिस के बीच में तकरीबन आधा घंटे तक नोक झोक होती रही और ग्रामीण हत्यारोपी को सौंपने की मांग करते रहे।
पार्टी पदाधिकारी पहुंचे, जताया शोक
घटना की जानकारी के बाद अपना दल(एस) के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और शोक जताते हुए घटना की निंदा की। राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद नागेंद्र सिंह पटेल कई अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं संग परिजनों से मिले। वहीं, मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।