खाद की मांग कोे लेकर प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
मंझनपुर। किसानों के साथ ही अब सहकारी समिति के सचिवों ने भी उर्वरक संकट को लेकर हल्ला मचाना शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय स्थित साधन सहकारी समिति पहुंचे सचिवों ने उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता के साथ ही धान,गेहूं खरीद का कमीशन भुगतान कराने की मांग किया। बाद में सचिवों ने विकास भवन पहुंचकर एआर कोऑपरेटिव को मांगों का ज्ञापन भी सौंपा।
बुधवार को मंझनपुर मंझनपुर स्थित सहकारी समिति परिसर में एकत्र हुए जिले भर के सचिवों का कहना था कि समितियों में जरूरत के मुकाबले काफी कम मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराई जा रही है। खाद लेने के लिए समितियों पर रोजाना की सैकड़ों किसान इकट्ठा होकर विवाद करते हैं। भीड़ में धक्कामुक्की और मारामारी के चलते कोरोना काल में संक्रमण का भी खतरा बढ़ गया है।
ऐसे में समितियों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराई जानी चाहिए। दूसरी तरफ पीसीएफ द्वारा संचालित धान एवं गेहूं क्रय केंद्रों को अभी तक कमीशन नहीं दिया गया है। इससे सचिवों के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है। अपनी इन्ही मांगों को लेकर सचिवों ने प्रदर्शन करने के बाद विकास भवन पहुंचकर एआर कोआपरेटिव को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर बृजेश सिंह, पुष्पराज सिंह, शिवप्रताप त्रिपाठी, सर्वेष मिश्रा, वीरेंद्र सिंह, सनत कुमार पांडेय, नंदकिशोर, उमेश कुमार, रामबाबू समेत तमाम समितियों के सचिव मौजूद रहे।