चांद खम्हरिया गांव में रुपयों के लेनदेन के विवाद में खीरी थाने के चौकीदार के बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वह शादी समारोह से घर लौट रहा था, तभी उस पर हमला कर दिया गया। पिता की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि खीरी थाने के चौकीदार पारस नाथ आदिवासी का पुत्र राजू आदिवासी (40) मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। कुछ दिनों पहले वह घर आया था। पारस नाथ की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि राजू का उसके चचेरे भाई कृष्णकांत आदिवासी पुत्र दातादीन से पैसे का लेनदेन था। कुछ दिनों पहले राजू ने कृष्णकांत को सात हजार रुपये लौटा दिए थे। वर्तमान में राजू पर दो लाख 15 हजार रुपये बकाया था।
कुछ दिनों पूर्व दिनों आरोपी ने धमकी दी थी कि बकाया रुपये नहीं दिए तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। सोमवार रात राजू अपने दो साथी राम अवतार आदिवासी और श्याम जी के साथ गांव सीकी में रामलाल आदिवासी की बेटी की शादी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह खूंटा गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पास रात 11:40 बजे पहुंचा, कृष्णाकांत ने राहुल कोल निवासी सुंदर पुरवा खूंटा थाना खीरी सहित तीन अन्य किशोरों (उम्र 14 से 16 के बीच) के साथ मिलकर चाकू से गोदकर राजू को मरणासन्न कर दिया।
पुलिस उसे सीएचसी मेजा ले गई। अधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके एक पुत्री और दो पुत्र हैं।
मृतक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
-अब्दुस सलाम खान, एसीपी कौंधियारा