विवाहिता को ससुरालियों ने घर के भीतर फूंका
पति समेत पांच पर मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
पश्चिमशरीरा।
थाना क्षेत्र के बाकरगंज गांव में ब्याही युवती को शनिवार की रात जिंदा जला दिया गया। शादी के बाद से ससुराल के लोग नगदी की मांग कर प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोपहर मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पश्चिमशरीरा गांव की निराशा देवी (20) पुत्री सुल्लन की शादी मई 2016 में बाकरगंज गांव में धूनी पुत्र बूदी लाल हुई थी। शनिवार की रात पिटाई करने के बाद विवाहिता को जिंदा जला दिया। विवाहिता को दहेज की बेदी पर चढ़ाने के बाद सुबह मायके वालों को घटना की जानकारी दी। बेटी के ससुराल पहुंचे पिता ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दिया। आरोप है कि शादी के बाद से ही निराशा को ससुराल के लोग कम दहेज मिलने का ताना देकर प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता सुल्लन की तहरीर पर पश्विमशरीरा पुलिस ने आरोपी पति धूनी, सास इन्द्रानी, ननद भावना देवी, ननकी देवी, देवर छोटू के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवाहिता की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। एसओ पश्चिमशरीरा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई समाने आएगी।