कोरोना वायरस का नया रूप मिलने के बाद ब्रिटेन से आने वाले हर वक्ति की कोविड जांच अनिवार्य रूप से की जा रही है। एक महीने के भीतर यहां आए 49 लोगों में 11 लापता हैं। शुक्रवार को एक्शन में आईं स्वास्थ्य विभाग की टीमों में विदेश से आए 20 लोगों की कोविड जांच कराई।
सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं सूची में शामिल 11 लोग लापता हैं, उनके बारे में पता चला है कि उनका पासपोर्ट पर दर्ज पता स्थानीय है, लेकिन वह रहते देश के अन्य शहरों में हैं। ब्रिटेन या अन्य देशों से आए लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग भी कराई जाएगी ताकी वायरस का स्ट्रेन पता चल सके।
नोडल अघिकारी कोरोना डॉ ऋषि सहाय के मुताबिक शासन के निर्देश पर 25 नवंबर के बाद ब्रिटेन या अन्य देशों से यात्रा कर यहां आने वालों की कोविड जांच कराने के निर्देश हैं। इस संबंध में लखनऊ से 49 विदेश यात्रा कर लौटे लोगों की सूची आई है। सूची के आधार पर क्यूआरटी टीमें संबंधित लोगो के घर जाकर ब्यौरा एकत्र कर रही हैं।
विदेश से आए 20 लोगों की कोविड जांच कराई गई है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं उन 11 लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई जो सूची में दर्ज पते पर नहीं मिले। विदेश यात्रा से लौटे नौ लोगों से उनकी सेहत के बारे में फोन पर जानकारी ली गई। इनके साथ अन्य लोगों की शनिवार को कोविड जांच कराई जाएगी।