अलीगढ़ के हरदुआगंज के गांव बरौठा में घर के सामने बैठक में सो रहे युवक की धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार रात हुई है। परिवार इसे संपत्ति विवाद में हत्या से जोड़कर देख रहा है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
बरौठा के अनुसूचित जाति के नोवतराम के चार पुत्रों में तीसरे नंबर का रोहन सिंह 38 वर्षीय बैठक में अकेला सो रहा था। घटना के बाद कमरे से टीवी, मोबाइल व कुछ सामान गायब होना बताया जा रहा है। सुबह सात बजे परिवार के सदस्यों को हत्या की खबर लगी।
खबर पर पुलिस भी पहुंच गई और जांच पड़ताल करते हुए शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। परिजनों ने बताया कि इसका पत्नी से दस साल पहले तलाक हो गया था। पांच बच्चों में से चार बच्चों को महिला अपने साथ ले गई। एक बेटी इसी के पास रहती थी।
वह त्योहार पर अपनी बुआ के पास गई हुई थी। अभी परिवार में कुछ जमीन बिकी है। उसकी रकम बंटवारे से जोड़कर या लूट के इरादे से हत्या होना माना जा रहा है। एसपी देहात शुभम पटेल के अनुसार जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मूल कारण संपत्ति विवाद ही समझ में आ रहा है। लूट की कोई बात नहीं है।