अलीगढ़ महानगर में होली को लेकर रविवार रात निर्धारित समय के बाद देर रात तक शराब बेची जा रही थी। इस दौरान क्वार्सी पुलिस व आबकारी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बार के बेसमैंट से शराब व बीयर बेचते पकड़ी गई और दो अन्य ठेकों के सेल्समैन भी ठेका बंद होने के बावजूद ठेके के बराबर से शराब बेचते पकड़े गए हैं।
क्वार्सी पुलिस के अनुसार पुलिस व आबकारी टीम की संयुक्त चेकिंग के दौरान खबर मिली कि रामाघाट रोड किशनपुर स्थित मैट्रो बार के बाहर शराब व बीयर की बिक्री के लिए 11 बजे के बाद भी भीड़ लगी है। इस सूचना पर जब चेकिंग की गई तो वहां बार के निर्धारित स्थल के नीचे बेसमैंट में भारी मात्रा में शराब व बीयर की बोलतें रखी थीं और उन्हें बेचा जा रहा था।
सीओ तृतीय अनिल समानिया के अनुसार मौके पर सेल्समैन विकास व संचालक रविंद्र पाठक अपनी मौजूदगी में यह बिक्री करा रहे थे। मौके से 1824 बीयर की केन, 189 बोतल बीयर व 84 शराब की बोतलें जब्त की गई हैं और बार को सील करते हुए अग्रिम कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।
आबकारी अधिकारी के अनुसार बार लाइसेंसी द्वारा आबकारी अधिनियम के विपरीत बार काउंटर के बजाय फुटकर बिक्री की जा रही थी। इसलिए सील लगाकर रिपोर्ट दी गई है। इधर, क्वार्सी चौराहे पर कटारा कालोनी में अजय शर्मा होली चौक से 52 देशी क्वार्टर पकड़े गए हैं।
ये पूरा माल रामघाट रोड देशी शराब की दुकान का था। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी तरह धौर्रा माफी देशी शराब ठेके के पीछे उसका सेल्समैन अमर सिंह नगला मसन्द सिकंदराराऊ 77 क्वार्टर सहित पकड़ा है। वह भी दुकान का माल पीछे से बेच रहा था।