दो संविदाकर्मियों की सेवा समाप्त, दो एसडीओ पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति
करंट लगने से महिला की मौत के मामले में बिजली विभाग ने कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। मुख्य अभियंता द्वारा संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को निलंबित किए जाने के बाद अब विभाग ने दो संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। साथ ही संबंधित दो उपखंड अधिकारियों (एसडीओ) के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
अधीक्षण अभियंता अंशुमान यादव के अनुसार श्याम नगर 400 केवीए वितरण ट्रांसफार्मर के निकट महिला की करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना की जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्य अभियंता (वितरण) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित जेई को निलंबित कर दिया। घटना से जुड़े दो संविदाकर्मी अनिल कुमार और रामसमुंदर शर्मा की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। वहीं संबंधित उपखंड अधिकारी अहमद हुसैन और अधिशासी अभियंता प्रणव गुप्ता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि शहर में जिन वितरण ट्रांसफार्मरों पर फेंसिंग और अन्य सुरक्षा कार्य शेष हैं, उनका पहले ही चिन्हांकन किया जा चुका है। रामघाट रोड, केला नगर और मैरिस रोड सहित कई स्थानों पर फेंसिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष ट्रांसफार्मरों पर भी जल्द सुरक्षा कार्य पूरे किए जाएंगे। इसके अलावा वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर के सभी वितरण ट्रांसफार्मरों का मानकों के अनुरूप दोबारा निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जहां भी सुरक्षा संबंधी कमियां मिलेंगी, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।