जिले में किए गए कल्याण सिंह के कार्य अब लोग याद कर रहे हैं। अलीगढ़ जिला स्टेडियम में टीटी व बैडमिंटन के लिए बने नवनिर्मित मल्टीकॉंम्प्लेक्स के उद्घाटन की यादें भी बड़ी रोचक हैं। आज से 30 साल पहले 26 जुलाई 1991 को जिला स्टेडियम में मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम के उद्घाटन के दौरान कल्याण सिंह अपने हाथों में टीटी रैकेट लेकर एएमयू गेम्स कमेटी के असिस्टेंट डायरेक्टर व टीटी कोच आमिर हसन जैदी के साथ खेलने लगे थे।
वर्ष 1990-91 में जिले के खिलाड़ियों को सौगात देने के लिए टीटी व बैडमिंटन के लिए महारानी अहिल्या बाई होल्कर जिला स्टेडियम में मल्टी कांम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। लोक निर्माण विभाग ने इसका निर्माण किया था। इसके उद्घाटन के लिए 26 जुलाई 1991 की की तिथि निर्धारित की गई। सबसे पहले मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने पूजा अर्चना की और इसके बाद टीटी गेम खेलकर उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि कल्याण सिंह इतने उत्साहित थे कि हाथ में टीटी रैकेट लेकर खेलने लगे थे।
उद्घाटन के दौरान मौजूद रहे वर्तमान यूपी एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव शमशाद निसार आजमी ने बताया कि इस हॉल के उद्घाटन से खिलाड़ियों में उत्साह का संचार हुआ था। वहीं बैडमिंटन और टीटी के खिलाड़ियों को एक बड़ी सौगात मिली थी। उस समय अलीगढ़ जनपद आगरा मंडल में लगा करता था। इसीलिए आऱएसओ जोगिंदर सिंह, डीएसओ एसएम रिजवी, टीटी कोच आमिर अली जैदी के साथ भाजपा से उत्तम मुखर्जी मौजूद रहे थे।