प्रेसवार्ता में बोलते राज्यमंत्री राकेश गर्ग साथ में प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक अग्रवा।
- फोटो : CITY OFFICE
लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष एवं लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री राकेश गर्ग ने कहा कि कच्चे माल के भाव में वृद्धि अप्रत्याशित है। एक कार्यक्रम के सिलसिले में शहर में पहुंचे राकेश गर्ग ने मसूदाबाद स्थित एक होटल में उद्यमियों के साथ बैठक की। पत्रकारों से कहा कि आयरन, स्टील सहित अन्य धातुओं एवं प्लास्टिक के भाव में तेजी अप्रत्याशित है। यह मांग एवं पूर्ति के सिद्धांत के विपरीत है। इसकी वजह से उद्योग धंधों को काफी नुकसान हो रहा है। मूल्य वृद्धि का कुछ वैश्विक कारण है। सरकार के संज्ञान में लाने के लिए हम प्रयास कर रहे हैं ।
उन्होंने कहा कि एमएसएमई देश की रीढ़ है। रोजगार में 45 प्रतिशत एवं विदेशी मुद्रा जुटाने में 40 प्रतिशत योगदान है। सबसे बड़ी बात यह है कि एमएसएमई की वजह से बेरोजगारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल जाता है। राकेश गर्ग ने कहा कि वर्तमान में लघु उद्योग भारती 450 जिलों में पहुंच गई है। तीस हजार सदस्य हैं । अब इसे तहसील तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में सोमवार को लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय कार्यालय का शुभारंभ होने जा रहा है । देश के हर जिले के सहयोग से इसका निर्माण किया गया है। इससे उद्यमियों को लड़ाई को और ताकत मिलेगी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, प्रदेश संयुक्त महामंत्री गौरव मित्तल, जिलाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, महामंत्री योगेश गोस्वामी, कोषाध्यक्ष अंशुमन अग्रवाल, सुनील गर्ग, अजय पटेल, पीएस चौहान, बीडी गुप्ता, प्रदीप सिंघल, प्रवीन मंगला, अंबरीश गर्ग, चंद्ररतन, अर्जुन गोबिल आदि मौजूद थे।