समाधान दिवस पर लोगों की समस्या सुनतीं डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी।
- फोटो : CITY OFFICE
शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर व एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे., एसएसपी कलानिधि नैथानी, मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में सोमवार को तहसील कोल में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने बड़ी उम्मीद लेकर पहुंचे ज्यादातर फरियादियों को मायूसी हाथ लगी, क्योंकि कुल 21 शिकायतों में से सिर्फ एक का मौके पर निस्तारण हो सका। इनमें से ज्यादातर शिकायतें अवैध कब्जे को लेकर थीं।
शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर एवं एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों की शिकायतें सुनीं। 21 फरियादियों ने प्रार्थनापत्र दिए। इनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निराकरण करा दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश जारी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों को अधिकारी एक सप्ताह के अंदर निस्तारण कराना सुनिश्चित कराएं। गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कहा कि शिकायतकर्ता की बातों को ध्यान से सुनें और मौके पर जाकर जांच करें। निस्तारण के समय शिकायतकर्ता अथवा वहां पर उपस्थित व्यक्तियों के हस्ताक्षर अवश्य कराएं। इस मौके पर एसएसपी कलानिधि नैथानी, एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, उप जिलाधिकारी संजीव ओझा एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ये प्रमुख शिकायतें आईं
संपूर्ण समाधान दिवस में 21 शिकायतें आईं। इनमें गीता देवी पत्नी धर्मेंद्र सिंह ने खरीदे गए प्लाट पर अन्य व्यक्ति द्वारा जबरन कब्जा करने की शिकायत की। इस मामले में थानाध्यक्ष हरदुआगंज को समस्या के समाधान कराने के निर्देश दिए गए। राजीव कुमार पुत्र महावीर सिंह निवासी सपेरा भानपुर ने खेत की नाप कराते हुए कब्जा दिलाए जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इसी प्रकार से लखीराम निवासी ग्राम ऊंटासानी ने शिकायती पत्र दिया कि कुछ ग्रामीणों द्वारा सरकारी नाली को तोड़कर अपने खेतों में मिला लिया गया है। जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।