रंगाबाद नौदेवी मंदिर के सामने नवरात्र को लेकर सजी दुकानें।
- फोटो : Rupesh
इस बार खरमास में ही चैत्र के नवरात्र मनाए जाएंगे। नवरात्र को लेकर एक तरफ जहां मंदिरों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई आदि तैयारियां शुरू हो गई हैं। देवी के विभिन्न स्वरूपों के लिए नई-नई पोशाकें तैयार कराई जा रही हैं, जबकि शहर के मंदिरों के बाहर पूजा-पाठ की दुकानें सजने लगी हैं। नौरंगाबाद स्थित नवदुर्गा मंदिर में मेले जैसा माहौल रहेगा। भीड़ को संभालने के लिए साउंड सिस्टम और सेवादारों को तैनात किया गया है।
14 मार्च रात्रि 12 बजकर 15 मिनट से 13 अप्रैल सुबह 8:40 बजे तक खरमास रहेगा। इस बार चैत्र के नवरात्र खरमास के दौरान ही पड़ रहे हैं। चैत्र नवरात्र दो अप्रैल से प्रारंभ होंगे। चैत्र की नवमी दस अप्रैल को मनाई जाएगी। हिंदु परिवारों में नवरात्र काफी महत्व रखते हैं। ऐसे में मंदिरों से लेकर श्रद्धालुओं ने अपने घरों में तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
नवरात्र में देवी की प्रतिमाओं को नई-नई आकर्षक पोशाकें पहनाई जाएंगी। इसके साथ ही भव्य शृंगार आदि की भी व्यवस्था की जा रही है। शहर के नौरंगाबाद स्थित नवदुर्गा मंदिर में लोगों की भीड़ उमड़ती है।
इसके साथ ही रामघाट एडीए मार्केट स्थित वैष्णो देवी मंदिर, बस स्टैंड स्थित चामुंडा मंदिर, सासनीगेट स्थित काली मंदिर, बराई स्थित बराई माता मंदिर, सारसौल स्थित देवी मंदिर, हाथरस अड्डा स्थित पथवारी मंदिर, रेलवे रोड स्थित शीतला माता मंदिर, मामू भांजा स्थित राधा-मोहन मंदिर, जयगंज स्थित देवी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में नवरात्र की तैयारियां चल रही हैं।
इसके अलावा इन मंदिरों के बाहर पूजन सामग्री, फलाहार के साथ माता की चुनरी, माला, नारियल आदि की दुकानें सजने लगी हैं। शहर के अंदर पोशाकों की दुकानों पर श्रद्धालु अपने घर में स्थापित देवी के लिए पोशाक आदि खरीद रहे हैं। मंदिरों में भीड़ को संभालने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।