सर्किट हाउस पर डिप्टी सीएम के आने पर रूट डायवर्ट होने से पैदल जाते यात्री।
- फोटो : CITY OFFICE
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आगमन को लेकर शहर में एक विशेष रूट तैयार किया गया था। इस रूट पर बड़े और चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। पुलिसकर्मियों ने इस रूट पर सख्ती रखी। जिससे राहगीरों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि शहर के अंदर का यातायात प्रभावित नहीं हुआ। कमिश्नरी के सामने सैकड़ों राहगीर पैदल-पैदल अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का पहला कार्यक्रम सर्किट हाउस में था। जबकि दूसरा कार्यक्रम आगरा रोड पर ग्रीन व्यू रिसोर्ट में था। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तकरीबन एक बजे शहर के अंदर बौनेर से दाखिल हुए। बाईपास होते हुए क्वार्सी और एक बजकर 25 मिनट पर सर्किट हाउस में दाखिल हुए। इससे पहले दस बजे से प्रशासन व पुलिसकर्मियों ने इस रूट को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया था। यहां बड़े तथा चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद कर डिप्टी सीएम का इंतजार करते रहे। इस दौरान क्वार्सी से लेकर सर्किट हाउस तक की सड़क पर भी वाहनों का प्रवेश नहीं मिला तो लोग पैदल-पैदल क्वार्सी या जीवनगढ़ की तरफ निकले। निजी बस से क्षेरत, डिबाई, बुलंदशहर तक जाने वाली सवारियों ने पैदल-पैदल दूसरी तरफ पहुंचकर अपनी बस पकड़ी। डिप्टी सीएम दिल्ली से बौनेर होते हुए बाईपास होकर आए थे। विभिन्न परियोजना के शिलान्यास और लोकार्पण के बाद वह एटा चुंगी बाईपास होकर ही सीधे आगरा रोड पर निकल गए। यहां बैठक कर लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस बीच रूट पर सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को विभिन्न पुलिसकर्मियों ने हिरासत में ले लिया था।