दिल्ली से हरदोई जा रही बुद्ध विहार डिपो की रोडवेज बस बृहस्पतिवार देर रात गभाना क्षेत्र में हाईवे पर महरावल के पास धान से लदे ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी। इस दुर्घटना में महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर लोग जख्मी हुए हैं। देर रात घायलों को जिला अस्पताल लाया जा रहा था।
बस दिल्ली से चलकर रात करीब बारह बजे महरावल पहुंची थी, तभी बस के आगे चल रहे धान से लदे ट्रैक्टर-ट्राली में बस घुस गई। बस को बुद्धविहार डिपो का चालक अकराबाद के उकावली का संदीप चला रहा था, जबकि बतौर परिचालक प्रमोद तैनात था। एकाएक दुर्घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर गभाना पुलिस के साथ एंबुलेंस व कई पीआरवी पहुंच गईं। आनन-फानन बस में सवार यात्रियों को निकालकर जिला अस्पताल लाया गया। जहां हरदोई के कोंड़ा की 60 वर्षीय सोनी पत्नी लल्लू को मृत घोषित कर दिया गया।
चालक-परिचालक के अलावा गोविंद, अर्जुन, प्रशांत, सूरज, नीरज, ज्योति, हरिभान, शुभम, सौरभ, सुमन, रामगोविंद, विनोद, राममूर्ति, नागेंद्र आदि दर्जन भर यात्री जख्मी हुए हैं। सभी जख्मी यात्री हरदोई जिले के बताए गए हैं। गभाना पुलिस ने मृत महिला व घायलों के परिवारों से संपर्क शुरू कर दिया है और उन्हें सूचना दी जा रही है। वहीं जिला अस्पताल में घायलों का इलाज कराया जा रहा है। वहीं देर रात खबर पर एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। जहां उन्होंने इलाज आदि व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए।