कब्रिस्तान की टूटी दीवार को टिन शेड लगाकर किया बंद। संवाद
- फोटो : CITY OFFICE
स्वर्णजयंती नगर इलाके के कदीमी कब्रिस्तान में टूटी दीवार पर नगर निगम ने टीन शेड लगा दिया है, ताकि कोई अंदर न जा सके और यथा स्थिति बनाए रखने में दिक्कत न हो। इधर, क्वार्सी इंस्पेक्टर विजय कुमार ने जल निगम को पत्र लिख कर दीवार टूटने की आधिकारिक जानकारी मांगी है, जिससे पता चल सके कि आखिर किस अधिकारी के आदेश पर जलनिगम के कर्मी दीवार तोड़ कर ट्यूबवेल लगाने पहुंच गए थे। पुलिस अपनी जांच रिपोर्ट में इसका भी जिक्र करेगी। ये रिपोर्ट आगामी 23 अगस्त की सुनवाई के दौरान एडीएम सिटी राकेश मालपाणी के समक्ष भी प्रस्तुत की जा सकती है। इधर, कब्रिस्तान के आसपास पुलिस सुरक्षा जारी है। कब्रिस्तान के आसपास किसी को आनेजाने की अनुमति नहीं है। वहां भीड़ लगा कर खड़ा होने पर भी पुलिस टोकाटाकी कर लोगों को रवाना कर देती है।
इधर, कब्रिस्तान की जमीन पर स्वामित्व का दावा करने वाले बॉबी और जीतू पक्ष को उम्मीद है कि वर्षों बाद उनको इंसाफ मिलेगा, इस पक्ष ने अपने पक्ष में कई कागजात प्रस्तुत किए हैं। वहीं इस जमीन में एडीए और नगर निगम के कुछ हिस्से की बात भी स्पष्ट हो जाएगी। आगामी 23 अगस्त को होने वाली सुनवाई में सभी दावेदार पक्षों का इस जमीन पर हिस्सा तय हो सकता है। एडीए और नगर निगम को भी अपने पक्ष में कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया है।
इस विषय में एडीएम सिटी राकेश मालपाणी का कहना है कि प्रकरण के निष्पक्षता से निस्तारण के लिए सभी दावेदार पक्षों से पूरे कागजात के साथ 23 अगस्त को बुलाया गया है। कागजात देखने के बाद उनकी सत्यता परखी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार हिस्सा बांटा जा सकता है। गौर हो कि शुक्रवार की रात को इस कब्रिस्तान की दीवार जल निगम के कर्मियों ने जेसीबी से तोड़ दिया था, जल निगम वाले यहां ट्यूबवेल लगवाने आए थे। दीवार टूटने का मुस्लिम पक्ष ने विरोध किया था। शनिवार को जब मुस्लिम पक्ष दीवार बनवाने पर अड़ा तो हिंदू दावेदार पक्ष की ओर से भाजपा नेताओं ने हंगामा करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया था। इन नेताओं का कहना था कि इस जगह को उसके असली मालिक को सौंपा जाए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने पर यहां पर कई थानों का फोर्स तैनात कर दिया गया था।
- बाउंड्री तोड़े जाने के बाद पैदा हुए विवाद के बाद से मौके पर एहतियातन पुलिस बल तैनात है। पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे है। राजस्व टीम की तरफ से 23 तारीख का समय दिया गया है। निर्णय आने तक पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।
- कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी सिटी