अपने श्वान के साथ मालकिन और साथ में डॉ विराम वार्ष्णेय
- फोटो : स्वयं
अगर आप पहली बार किसी डॉग को पालना चाह रहे हैं तो आपको उसको घर लाने से पहले कुछ बिन्दुओं पर विचार कर लेना चाहिए। जैसे उसे पालने का उद्देश्य क्या है, उसकी देखरेख के लिए आपका घर कैसा है, उस पर कितना खर्चा हर माह होगा, पालने के दौरान क्या-क्या समस्याओं से दो-चार होना होगा, ऐसे ही कई सवालों के जवाब अलीगढ़ के वरिष्ठ पशु शल्य चिकित्सक डॉ विराम वार्ष्णेय ने दिए।
वरिष्ठ पशु शल्य चिकित्सक डॉ विराम वार्ष्णेय ने बताया कि आपको डॉग किस उद्देश्य से चाहिए, यह जान लेना चाहिए। घर में देखभाल करने के लिए चाहिए या एक साथी के रूप में चाहिए। इसकी सलाह आपको किसी पशु चिकित्सा से मिलकर लेनी चाहिए। अपने डॉग का समय-समय पर प्रशिक्षित डॉक्टर से टीकाकरण कराना चाहिए।
उन्होंने बताया कि अपने शहर के नगर निगम में डॉग का रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक है, जिसके बारे में पता करना चाहिए। डॉग के लिए आपका बजट कितना है, उस पर भी डॉग को रखना निश्चित करता है। आज कल एक डॉग को रखने के लिए खर्चे बहुत होते है, जैसे कि खाने का ,पीने का उसकी साफ-सफाई इत्यादि का।
उन्होंने बताया कि जब हम घर के बाहर कहीं जाते हैं तो हमें अपने डॉग को अकेले छोड़कर नहीं जाना चाहिए, अन्यथा डॉग स्ट्रेस में आ जाता है। जिससे उसके बीमार होने की संम्भावना ज्यादा हो जाती है। आप अपने डॉग को एक फैमिली मेंबर की तरह रखें, उसका सही से ध्यान रखें। सही से टीकाकरण करवाएं। सही से खाने-पीने की व्यवस्था करें तभी आप अपने डॉग को स्वस्थ एवं खुश रख सकते हैं।