संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
कोतवाली में रविवार को महाशिवरात्रि को लेकर कस्बा सहित क्षेत्र के गण्यमान्य लोगों की बैठक हुई। भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुरसान में मथुरा-बरेली मार्ग पर कुछ लोग सड़क किनारे टेंपो लगाकर अवैध कब्जा कर लेते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। कांवड़ियों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मार्ग से अतिक्रमण हटवाने की मांग की। कस्बे के लोगों ने कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग कोतवाल और नगर पंचायत अध्यक्ष से की। सीओ सादाबाद ब्रह्म सिंह ने लोगों से उनकी समस्याएं पूछीं।
महाशिवरात्रि पर कांवड़ियों के लिए जाने वाले रास्ते को लेकर बातचीत की। मुरसान कोतवाली प्रभारी दशरथ सिंह को निर्देश दिए कि सभी रास्तों पर पुलिस का आवागमन बना रहना चाहिए, जिससे कांवड़ियों को कोई परेशानी न हो।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश कुशवाहा, व्यापार मंडल के पदाधिकारी रामप्रकाश पौनियां, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी चंद्रवीर सिंह, साबिर हुसैन, ठाकुर देवेंद्रपाल सिंह, रूप किशोर शर्मा, दिलीप मित्तल, आदित्य भारद्वाज, अंकित सोनी, मोनू गौतम, वरुण शर्मा, कपिल शर्मा, राकेश शर्मा, पूर्व चेयरमैन गिर्राज किशोर शर्मा, राहुल शर्मा आदि लोग थे।