स्वच्छ भारत अभियान के तहत हरदुआगंज नगर पंचायत खुले शौच से मुक्त होने के मामले में जिले की पहली नगर पंचायत बन गई है। अब पंचायत को योजना के नियमों के अनुसार समाचार पत्रों में नोटिफिकेशन का इंतजार है।
नगर पंचायत के कामकाज से संतुष्ट नगर विकास मंत्री ने हरदुआगंज और इगलास नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी को बतौर इनाम जट्टारी, जलाली एवं विजयगढ़ नगर पंचायत के ईओ पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंप दी है।
बताते चलें कि ईओ महिमा मिश्रा के छह माह के कार्यकाल में हरदुआगंज में 930 स्वच्छ शौचालयों का निर्माण हुआ है। यही नहीं जागरूकता कार्यक्रम चलाकर ग्रामीणों को खुले में शौच से आने वाली समस्याओं और बीमारियों की भी जानकारी दी गई है।
खास बातें
अब नगर पंचायत को समाचार पत्रों में नोटिफिकेशन का इंतजार
नगर विकास मंत्री ने ईओ को दी तीन नगर पंचायतों की जिम्मेदारी
लेकिन यहां तो कछुआ चाल
स्वच्छ भारत अभियान के तहत खुले में शौच मुक्ति अभियान ग्राम पंचायतों में अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है। अलीगढ़ दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बावजूद पिछले करीब दो माह में शासन से मिले 31 जुलाई तक 101 ग्राम पंचायतों को खुले में शौच मुक्त कराने के सापेक्ष अब तक मात्र दस ग्राम पंचायतें ही इस बुराई से मुक्त हो सकी हैं। इनमें भी दो पंचायतों को जिलास्तरीय कमेटी से अनुमोदन का इंतजार है। 11 अन्य ग्राम पंचायतें भी इस बुराई से मुक्त होने के कगार पर हैं।
प्रशासन ने रखा था 154 का लक्ष्य
शासन ने भले ही 31 जुलाई तक 101 ग्राम पंचायतों को इस बुराई से मुक्त कराने का लक्ष्य रखा हो, लेकिन अभियान को गति देने के लिए प्रशासनिक स्तर से 154 गांव पंचायतों के एडीओ और सचिवों को इस बुराई के खात्मे की जिम्मेदारी सौंपी है।
खुले में शौच मुक्ति के मामले में हरदुआगंज नगर पंचायत जिले में अव्वल है। अब योजना के नियमों के मुताबिक इसका समाचार पत्रों में नोटिफिकेशन छपवाया जाएगा। इसके बाद प्रमाणपत्र मिलेगा।
आरएन शर्मा, एडीएम प्रशासन एवं निकाय प्रभारी