जनपद में डेंगू के पांच नए मरीज सामने आए हैं। अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 72 तक पहुंच गई है। शहर के दो प्रमुख अस्पतालों में बुधवार को बुखार के करीब 150 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। जनपद में डेंगू के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। अगस्त के आखिरी सप्ताह में डेंगू का पहला केस आया था। उसके बाद से अब तक 72 मरीज सामने आ चुके हैं। एलाइजा टेस्ट की सुविधा सभी सरकारी अस्पताल में नहीं होने के कारण भी जांच की संख्या कम है। जांच बढ़ने पर मरीजों की संख्या में इजाफा होने की आशंका है।
पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में बुधवार को बुखार के 104 मरीज उपचार के लिए पहुंचे थे। बुखार से पीड़ित 28 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में बुखार के काफी मरीज पहुंचे। जेएन मेडिकल कॉलेज एवं प्राइवेट चिकित्सालयों में भी बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। मलेरिया विभाग द्वारा डेंगू मरीजों के घर एवं आसपास में एंटी लार्वा एवं रसायन का छिड़काव किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि डेंगू का प्रमुख कारण कूलर है। पानी निकाल देने से 60 प्रतिशत खतरा कम हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है।