त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच पड़ताल जारी है। बुधवार को एफडीए की टीमों ने एक साथ कई जगह जांच कर दाल, चावल, केले के चिप्स और रामदाना लड्डू के नमूने भरे। अब इन सभी की जांच रिपोर्ट का इंतजार रहेगा।
एफडीए के अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में बन्ना देवी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीटी रोड मसूदाबाद स्थित ईजीडे क्लब से चावल, केले के चिप्स, रामदाना लड्डू एवं चना की दाल का एक-एक नमूना भरा गया। इसके बाद क्वार्सी थानांतर्गत लक्ष्मी बाई मार्ग स्थित जैन प्रोविजन स्टोर से सरसों का तेल एवं कुट्टू के आटे का एक-एक नमूना भर गया। इस जांच दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमवीर सिंह, प्रमोद कुमार यादव, प्रभु चौधरी, जवाहरलाल, मनोज कुमार सरोज उपस्थित रहे। अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि ये अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी नमूने प्रयोगशाला प्रेषित किए जा रहे हैं।