गोरई चौकी क्षेत्र के गांव गिंदौरा बक्सा में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक का शव प्राथमिक विद्यालय के कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव गिदौरा बक्सा निवासी रंजीत सिंह का पुत्र गुलबीर सिंह उर्फ गब्बर (21) बुधवार रात नौ बजे घर से हटलने निकला था। उसके बाद काफी देर तक गुलबीर वापस नहीं लौट। परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसी गांव के दूध विक्रेता ने स्कूल के कमरे में युवक का शव लटके होने की सूचना गांव में दी। सूचना पर सीओ अशोक कुमार व कोतवाल प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के बड़े भाई हुकम सिंह पुत्र रंजीत ने गांव के ही पूर्व प्रधान रमेशचंद, रेशमपाल, ज्वाला, कोकिला पत्नी रेशमपाल के खिलाफ हत्या व एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ ने बताया कि घटना के संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई थी। सभी आरोपी फरार हैं।