महानगर के देहली गेट क्षेत्र के नगला मौलवी में रविवार को एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की खबर पर हालांकि पुलिस भी पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मगर परिवार कुछ भी बताने से बच रहा है। पुलिस मामले में जांच की बात कह रही है।
नगला मौलवी निवासी गंगा सिंह की 18 वर्षीय बेटी भारती निजी कॉलेज में 12 वीं की छात्रा थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि रविवार देर शाम वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। इसके बाद किसी समय उसने फांसी लगा ली। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुला तो परिवार वालों ने दरवाजा खटखटाया।
मगर दरवाजा नहीं खुला। इस पर जंगले से झांककर देखा तो उसका शव फंदे पर झूल रहा था। यह देख घर में चीख पुकार मच गई। खबर पर आसपास के लोग व पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोलकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार किसी तरह की जानकारी नहीं दे रहे हैं। इंस्पेक्टर आशीष के अनुसार अभी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक आया है।