नगला पटवारी में सड़क दुर्घटना से हुई बच्चे की मौत के बाद जाम लगाते लोग।
- फोटो : Amar Ujala
क्वार्सी इलाके के पटवारी नगला में बुधवार सुबह एक सिलिंडर से लदे ट्रक ने पैदल जा रहे दो भाइयों को रौंद दिया। दुर्घटना में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वाकये के अनुसार शोहेब अहमद (14) पुत्र नसरुद्दीन निवासी मौलाना आजाद नगर, क्वार्सी सुबह करीब सात बजे अपने चाचा अख्तर की नगला पटवारी स्थित परचून की दुकान पर अपने भाई अशरफ के साथ गया था।
दुकान से लौटते समय नगला पटवारी पुलिस चौकी के पास अलीगढ़ से अनूपशहर की ओर जाते एक सिलिंडर से लदे ट्रक ने पैदल चल रहे दोनों भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया।
इससे शोहेब की मौके पर मौत हो गई, जबकि अशरफ गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने हादसा देख मौके पर दौड़ लगा दी। ट्रक चालक को पकड़ लिया। इधर, सूचना पर चाचा अख्तर सहित अशरफ के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने शव को सड़क पर रख जाम लगाने की कोशिश की। मगर, पुलिस ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया और आक्रोशित लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे में घायल मृतक के भाई अशरफ की भी हालत गंभीर है। उसे जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।