किशोरी की हत्या कर शव बंबे में फेंका
अमर उजाला ब्यूरो
अकराबाद। गांव सुहावली से लापता किशोरी का शव हाथरस जनपद के हसायन क्षेत्र में बंबे के पास पड़ा मिला। बोरे में क्षतविक्षत मिले शव को देख किशोरी की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अकराबाद थानाक्षेत्र के गांव सुहावली निवासी महेशचंद्र कश्यप अपने एक बेटे और भाइयों के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। गांव में पत्नी और अन्य बेटे-बेटियां रहते हैं। महेश ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी लक्ष्मी 29 मई की रात को अचानक गायब हो गई। इस जानकारी पर महेश गांव आया। परिजनों संग लक्ष्मी की काफी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उधर हसायन पुलिस को बंबे के पास बोरे में बंद एक किशोरी का क्षतविक्षत शव मिला। शव के पास एक बैग था जिसमें मृतका के परिजनों का नाम-पता लिखी डायरी और बैंक की पासबुक थी। पुलिस ने किशोरी के परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने किशोरी की शिनाख्त की। महेश ने बताया कि लक्ष्मी इसी वर्ष अच्छे अंकों से 12वीं में पास हुई थी। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने इस संबंध में कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।